पटना, संवाददाता। पहलगाम आतंकी हमला में मारे गए 26 निर्दोष लोगों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस (जीकेसी) की बिहार इकाई ने एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन पटना में किया। जीकेसी के सदस्यों ने 2 मिनट का मौन रख कर सभी मृतआत्माओं को श्रद्धांजलि दी और हाथ में मोमबती लेकर उनकी शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके पहले जीकेसी सदस्यों ने पहलगाम आतंकी हमला को आतंकवादियों की कायराना हरकत करार दिया। जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन ने मौके पर कहा कि यह एक नृशंस नरसंहार है जो धर्म को आधार बनाकर किया गया है। यह अक्षम्य है। देश इसे कभी नहीं भूल सकता है और न ही ऐसे पापियों को क्षमा कर सकता है।
संगठन की प्रबंध न्यासी रागनी रंजन ने कहा कि पहलगाम में जो हुुआ वो अच्छा नहीं हुुआ। अब आतंकियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि हम सब को अपने देश पर भरोसा है। अपने सैनिकों पर भरोसा है। इंतकाम तो शुरु हो ही चुका है। इसका अंजाम भी आतंकवादियों और इसके पनाहगारों के लिए बहुत बुरा होगा।
Read also- समाज को एकजुट करना और एकजुटता का एहसास कराना कायस्थ महाकुंभ का मकसदः राजीव रंजन
संगठन के ग्लोबल उपाध्यक्ष दीपक अभिषेक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. नम्रता आनंद, प्रदेश महासचिव संजय कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय समन्वयक धनंजय कुमार, रविशंकर प्रसाद सिन्हा, आलोक वर्मा, प्रभाकर मनिष अमरेंद्र सिन्हा, राजेंद्र सहित अन्य लोगों ने पहलगांव की आतंकी घटना की निंदा की और भारत सरकार की कार्रवाई की सराहना की।साथ ही जीकेसी ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमला देश पर हमला है , देश की आत्मा पर हमला है। ऐसे में इस मुद्दे पर हम केन्द्र सरकार के नर्णय के साथ हैं।