अपराध बिहार

युवती का अपहरण कर अपने पति से कराई शादी


फतुहा/ संवाददाता। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर नोहटा मुहल्ले से नाबालिग 14 वर्षीय किशोरी को अगवा करने वाला अधेड़ पति पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तथा पुलिस ने अगवा किशोरी को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी सालिमपुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव से किया है। पुलिस ने किशोरी को भी वहीं से बरामद किया है।

गिरफ्तार पति पत्नी उक्त मुहल्ले में किराए पर रहने वाले विनय सिंह व ज्योति कुमारी है। जहां पुलिस अधेड़ पति पत्नी को अगवा करने तथा पास्को एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।

वहीं बरामद किशोरी का पुलिस द्वारा न्यायालय में 164 का बयान दर्ज कराया जा रहा है। हैरत की बात यह है कि गिरफ्तार पत्नी ज्योति कुमारी ने किशोरी का विवाह अपने पति से करवा दिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार पति पत्नी निःसंतान थे।

इसलिए महिला औलाद की चाहत में किशोरी का विवाह अपने पति से करवा दिया है। विदित हो कि बीते 31 दिसम्बर को आरोपी पति पत्नी ने अपने पड़ोस के ही किराए पर रहने वाली नाबालिग किशोरी को अगवा कर कहीं लेकर चले गए थे। जैसे ही इस बात की जानकारी किशोरी की मां को मिली वैसे ही उसने उक्त पति-पत्नी के खिलाफ थाने में अगवा करने का मामला दर्ज कराया।

शिकायत दर्ज होते ही पुलिस एक्शन में आयी और उक्त पति पत्नी के मोबाइल को लोकेशन में लेने लगी। लोकेशन मिलते ही पुलिस ने सबसे पहले आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया तथा उसके निशानदेही पर किशोरी को बरामद करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि किशोरी मूलरूप से जहानाबाद जिले के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने मां के साथ फतुहा में रहकर घरों में चौका बर्तन का काम करती थी। किशोरी का भी इस नाते आरोपी के घर आना-जाना लगा रहता था।