मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर गंगा घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर से गाँधी घाट से पटना सिटी के...
बिहार

मुख्यमंत्री ने किया छठ महापर्व के पूर्व गंगा घाटों का निरीक्षण

पटना, संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक आस्था के महापर्व छठ के
मद्देनजर छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर से गाँधी घाट से पटना सिटी के
कंगन घाट तक गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इसके पश्चात् दानापुर के नासरीगंज तक भी
उन्होंने गंगा घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की सफा
सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि गंगा नदी की टापूनुमा संरचना
पर छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में कोई परेशानी न हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करें। टापूनुमा
संरचना पर छठ व्रतियों के आवागमन की व्यवस्था हेतु कलेक्ट्रेट घाट और महेन्द्रू घाट से
टापूनुमा संरचना तक पीपापुल का निर्माण कराया जा रहा है। बांस घाट से भी टापूनुमा
संरचना तक पीपा पुल के निर्माण की संभावनाओं को तलाशें। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों
की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये छठ घाटों का निर्माण करें ताकि अर्घ्य देने में कोई परेशानी
न हो। गंगा नदी के जलस्तर एवं प्रवाह को देखते हुये छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रखें। यह भी सुनिश्चित करें कि छठ व्रतियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनको हर प्रकार की
सहूलियत मिले। छठ घाटों के पास सुरक्षा के दृष्टिकोण से ठीक ढंग से बैरिकेडिंग करायें,
साथ ही नदी किनारे की सड़कों के पास भी बैरिकेडिंग करायें। छठ व्रतियों की सुविधाओं का
भी विशेष ख्याल रखें।
गंगा घाटों के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना
की गंगा नदी के किनारे बड़ी संख्या में लोग छठ महापर्व को मनाते हैं। छठ महापर्व की
तैयारियों के मद्देनजर हमलोगों ने आज विभिन्न घाटों का जायजा लिया तथा छठ घाटों की तैयारियों के संबंध में लोगों से विचार-विमर्श कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। इस बार अधिक वर्षापात होने से गंगा नदी में पानी का प्रवाह काफी ज्यादा है। ऐसे में
छठ घाटों पर सुरक्षा इंतजाम जरुरी हैं ताकि लोगों को कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा
कि अधिकारी और इंजीनियर गंगा के किनारे के घाटों का जायजा लेकर छठ महापर्व को
लेकर स्थल का चयन करके काम शुरु कर देंगे ताकि छठ व्रतियों को कोई दिक्कत नहीं हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे 3 नवंबर को एक बार फिर से छठ घाटों का निरीक्षण करके तैयारियों
का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मुख्यमंत्री के
प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, पुलिस महानिदेशक एसके सिंघल, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.