नीतीश कुमार की समाधान यात्रा
बिहार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा पहुंची सिवान, विकास योजनाओं का लिया जायजा

पटना, संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा आज सिवान पहुंची। वहां पहुंचकर मुख्यमंत्री ने जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पंचरूखी प्रखंड के सुपौली गांव पहुंचे और वहां लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

 जीविका द्वारा संपोषित भैंस पालन, श्रृंगार की दुकान, जेनरल स्टोर का मुख्यमंत्री ने मुआयना किया और उनके लाभुकों से बातचीत की। महादलित टोले में बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की लगाई गई सूची को मुख्यमंत्री ने देखा और उसके संबंध में जिलाधिकारी से पूरी जानकारी ली।

 मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सभी लोगों को मिलना चाहिए। कोई भी इससे वंचित न रहें, इसपर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने वहां जीविका दीदियों से मुलाकात की और स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किये गए विभिन्न उत्पादों का निरीक्षण किया।

 इसके बाद मुख्यमंत्री महाराजगंज प्रखंड की हजपुरवा पंचायत के सोनवर्षा गांव पहुंचे और वहां बिहार राज्य मदरसा सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत तालीम-ए-नौबालिगान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सोनवर्षा के मदरसा इस्लामिया अरबिया नईमिया का भी जायजा लिया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने वहां की शिक्षा व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं के बारे में उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से जानकारी ली। तालीम-ए-नौबालिगान कार्यक्रम के अंतर्गत चलाए जा रहे मॉड्यूल के विषयों के संबंध में मुख्यमंत्री को वहां के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी दी। 

इसे भी पढ़ें-मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा वैशाली पहुंची, विकास योजनाओं का लिया जायजा

 महाराजगंज प्रखंड की हजपुरवा पंचायत के सोनवर्षा के वार्ड नंबर 4 पहुंचकर वहां मौजूद ग्रामीणों से मिलकर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान के संबंध में जिलाधिकारी को निर्देश दिया। मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना के अंतर्गत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु स्थापित संयंत्र का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकोपार्जन योजना द्वारा संपोषित दुकानों का भी जायजा लिया और जीविका दीदियों से मुलाकात की। उन्होंने बिहार महादलित विकास मिशन से जुड़े लोगों से भी मुलाकात की और उन्हें समाज सुधार अभियान तथा बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान चलाते रहने एवं लोगों को जागरूक करते रहने को कहा।

  बाद में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मदरसे के शिक्षकों को तनख्वाह नहीं मिलती थी। मदरसा की स्थिति सुधारने और उसे आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार ने काफी काम किया है। मदरसे में भी हमने जाकर देखा है। यहां बेहतर ढंग से पढ़ाई हो रही है। अब मदरसों में साइंस की भी पढ़ाई हो रही है। ये लोग मदरसा का विस्तार करना चाहते हैं, हमलोग यह काम भी करवा देंगे। हमने मदरसे में पढ़ाई और हॉस्टल की सुविधा को लेकर जरूरी निर्देश दिये हैं। डिग्री कॉलेज के लिए भी हमने कह दिया है कि इसे भी किया जायेगा।

 नीतीश कुमार की समाधान यात्रा वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री  संजय कुमार झा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह सिवान जिले के प्रभारी मंत्री आलोक कुमार मेहता, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान सहित सिवान जिले के विधायकगण, विधान पार्षदगण,  सहित अन्य वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.