शहीद जगतपति कुमार की याद में जीकेसी ने आयोजित किया व्याख्यानमाला। पैरों में अंग्रेजों की गोली लगने के बाद 19 वर्षीय जगतपति कुमार ने अंग्र...
बिहार

शहीद जगतपति कुमार की शहादत नहीं भूलें नौजवान-राजीव रंजन

शहीद जगतपति कुमार की याद में जीकेसी ने आयोजित किया व्याख्यानमाला। पटना, संवाददाता। पैरों में अंग्रेजों की गोली लगने के बाद 19 वर्षीय जगतपति कुमार ने अंग्रेजों को ललकारते हुए कहा था – दम है तो सीने पर गोली मारो, हम तो विधान सभा में तिरंगा लहराएंगे। ऐसे थे सप्तमूर्ति में से एक मूर्ति कायस्थ विभूति, औरंगाबाद निवासी और एक बड़े जमींदार के बेटे जगतपति कुमार। आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ़्रेन्स द्वारा आयोजित व्याख्यानमाला में शहीद जगतपति कुमार के व्यक्तित्व और कृतित्व पर ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने चर्चा करते हुए ये बात कही।

 श्री प्रसाद ने कहा कि जगतपति कुमार का जन्म 7 मार्च 1923 को खरांटी में हुआ था। इनके पिता का नाम सुखराज बहादुर तथा माता का नाम सोना देवी था। इनके पिता जमींदार थे और अपने तीन भाइयों में ये सबसे छोटे थे। इनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के स्कूल में हुई। 1932 में उच्च शिक्षा के लिए ये पटना गए। कॉलेजिएट स्कूल से 1938 में इन्होंने मैट्रिक की परीक्षा पास की और फिर बीएन कॉलेज में दाखिला लिया।

 वह बचपन से ही क्रांतिकारी थे। हमेशा करो या मरो की बात करते थे। वे सुभाष चंद्र बोस के साथ जापान भी गए थे। वह जापान से पटना आए और अपने दोस्तों के साथ सचिवालय पर झंड़ा फहराने के लिए निकल गए। अंग्रेजों ने पहले ऐसा नहीं करने के लिए सावधान किया, लेकिन वे लोग नहीं मानें और आगे बढ़ते गए। इसके बाद अंग्रेजों ने गोली चलवा दी। सचिवालय पर तिरंगा फहराते समय गोली जगतपति के पैर में लगी और वे गिर गए। फिर उठ खड़े हुए और सीना खोलकर कहा- ‘अगर गोली मारनी है तो सीने पर मारो, पैर में क्यों मारते हो’। दूसरी गोली सीने को चीरती हुई निकल गई और ‘जागो’ वहीं शहीद हो गए। जगतपति कुमार को उनके सहपाठी जागो के नाम से ही संबोधित करते थे। उनके पिता सुखराज बहादुर उनकी याद में रोते-रोते अंधे हो गए थे।

 व्याख्यानमाला को संबोधित करते हुए प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन ने कहा कि औरंगाबाद व खरांटी में शहीद जगतपति कुमार की निजी जमीन पर बना शहीद जगपति का स्मारक सरकारी उपेक्षा का शिकार है, उन्होंने कहा कि सरकार को इसका संज्ञान लेना चाहिए। रागिनी रंजन ने कहा कि जीकेसी इसके लिए अभियान चलाएगा। हम किसी भी सूरत में जगतपति की शहादत को भूलने नहीं देंगे।    

शहीद जगतपति कुमार के प्रपौत्र अशोक कुमार,प्रवीण आनंद एवं गौरव आनंद ने मौके पर जानकारी दी कि खरांटी स्थित इनका पैतृक घर भी खंडहर में तब्दील हो चुका है। सरकारी लापरवाही की वजह से आज परिवार के सभी लोग घर छोड़कर बाहर चले गए हैं। कोई सरकारी सहायता नही मिली। उनके घर के उद्धार के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। घर के चारों ओर घास-फनूस उगे हैं। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा यह स्थल उपेक्षित और वीरान है। राजकीय सम्मान की दृष्टि से उनकी याद में कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाता है।

Read also- कायस्थ चौपाल में गांव के कायस्थों को जीकेसी से जोड़ने पर चर्चा

 ग्लोबल वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव ने पूरे विश्व में जीकेसी द्वारा चलाए गए कार्यक्रमों का विवरण दिया। जबकि प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर नम्रता आनंद ने स्वतंत्रता सेनानियों के राह पर चल कर राष्ट्र निर्माण की अपील की।मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक अभिषेक, संजय सिन्हा, पटना जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, प्रेम कुमार,राजेश सिन्हा सहित कई लोगों ने संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन नंदा कुमारी ने किया। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ।

watch it also —  https://www.youtube.com/watch?v=A4R0wNozbUI

कार्यक्रम में मुकेश महान, राजेश कुमार, अनुराग समरूप,नीलेश रंजन,बंदना सिन्हा, अशोक कुमार,प्रवीण कुमार,गौरव आनंद, मीना श्रीवास्तव,आशुतोष ब्रजेश, दिवाकर वर्मा, रंजना कुमारी, उमेश कुमार, अदिति सिन्हा, उमेश कुमार, शिवानी गौड़, रश्मि सिन्हा, बलिराम, धनंजय प्रसाद,शिखा स्वरूप,सुशांत सिन्हा,पीयूष श्रीवास्तव,रवि सिन्हा, आराधना रंजन, निशा पराशर ,प्रियांशु, उपस्थित थे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.