आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा सारण जिला पहुंची। वहां पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जीविका दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम...
बिहार

समाधान यात्रा सारण में, मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के साथ किया संवाद

Jeevika Didi

पटना, संवाददाता। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा सारण जिला  पहुंची। वहां पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जीविका दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। छपरा के प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक की संख्या में जीविका दीदियों ने हिस्सा लिया। संवाद कार्यक्रम में जीविका समूह के माध्यम से कार्य करने वाली 7 जीविका दीदी स्मिता देवी, वासपती कुंवर, फरजाना परवीन, रानी गुप्ता, पुतुल कुमारी, रेखा देवी,

रितु पांडेय ने अपने-अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किये। सभी जीविका दीदियों ने जीविका समूह से जुड़ने के बाद अपने जीवन स्तर में हुए बदलाव की चर्चा की।संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाधान यात्रा में गांव भ्रमण के दौरान जीविका दीदियों से हम बातचीत करते हैं, साथ ही आपलोगों के साथ यहां संवाद कार्यक्रम भी रखा गया है। 200 से अधिक जीविका दीदियां यहां उपस्थित हैं। आपलोगों में से कुछ ने अपनी बात रखी है, सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई। हमारा उद्देश्य है कि सभी जगह घूमकर देखें, जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उसका लाभ लोगों को कितना मिल रहा है और क्या किए जाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने महिलाओं के लिए काफी काम किया है। पंचायती राज संस्थानों एवं नगर निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीट आरक्षित की गई है। पुलिसबल में बड़ी संख्या में महिलाओं की भर्ती हो रही है। बिहार में जितनी महिलाएं पुलिस में हैं उतने दूसरे राज्यों में भी नहीं हैं। बच्चियों को पढ़ाने के लिए पोशाक योजना, साइकिल योजना शुरू की गई। बिहार में इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज में नामांकन हेतु एक तिहाई सीट आरक्षित की गई है। दहेज प्रथा खत्म होनी चाहिये। लड़के वाले को दहेज लेने का कोई औचित्य नहीं है, इसके लिये कानून बना हुआ है।

Read also- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा पहुंची सिवान, विकास योजनाओं का लिया जायजा

उन्होंने कहा कि माज में लड़कियों और महिलाओं का काफी महत्व है। आप सभी दहेज प्रथा के खिलाफ निरंतर अभियान चलाते रहिये। दहेज का लेन-देन करने वालों की शादी में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की उम्र में लड़की की, जबकि 21 वर्ष की उम्र में लड़के की शादी होनी चाहिये। आप सभी अपने काम के साथ-साथ बाल विवाह के विरुद्ध अभियान भी चलाते रहिये। उन्होंने कहा कि एक सर्वे में यह बात सामने आई कि पति-पत्नी में यदि पत्नी मैट्रिक पास तो देश में औसत प्रजनन दर 2 है और बिहार का भी 2 है। यदि पत्नी इंटर पास है तो देश का औसत प्रजनन दर 1.7 और बिहार का 1.6 है। पहले बिहार का औसत प्रजनन दर 4.3 था अब घटकर 2.9 पर पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों का लक्ष्य इसे 2 पर लाने का है। लड़कियाँ पढ़ेंगी तो प्रजनन दर घटेगा। सरकारी विद्यालयों में ठीक ढंग से पढ़ाई हो, शिक्षक उपस्थित रहें, इस पर आप सभी नजर रखिये। यदि शिक्षक अनुपस्थित रहते हैं तो आप सभी जीविका दीदियां उसकी रिपोर्ट करें। हमने जिलाधिकारी को कह दिया है कि स्कूलों में ठीक से पढ़ाई हो, इस पर विशेष ध्यान दें।

समाधान यात्रा सारण के क्रम में संवाद कार्यक्रम के पूर्व मुख्यमंत्री ने आर्ट गैलरी सह प्रेक्षागृह में जीविका महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उत्पाद की गुणवता और जीविका महिलाओं की उद्यमिता को देखकर प्रसन्नता जाहिर की।

 संवाद कार्यक्रम के दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत जीविका दीदियों के छह जलाशयों के रखरखाव हेतु मुख्यमंत्री ने 14 लाख 70 हजार रुपये का चेक जीविका दीदियों को प्रदान किया।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.