दुलौर मैदान में होगा 23 अप्रैल विजयोत्सव। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने गुरुवार को सभी राजनीतिक दलों के...
बिहार

75 हजार से ज्यादा तिरंगा फहरेंगे 23 अप्रैल विजयोत्सव समारोह में : डॉ. जायसवाल

पटना,संवाददाता। दुलौर मैदान में होगा 23 अप्रैल विजयोत्सव। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने गुरुवार को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव के मौके पर आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए जगदीशपुर के दुलौर मैदान पहुंचने का आग्रह किया है।

 डॉ. जायसवाल ने बिहार के तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि पक्ष-विपक्ष का अंतर भूलकर 23 अप्रैल को दुलौर मैदान में पहुंचकर तिरंगे को अपने हाथों में जरुर थामें। हमारा साझा उद्देश्य होना चाहिए कि यह दिवस पूरे विश्व के समक्ष एक मिसाल प्रस्तुत करें।  उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि इस दिन तिरंगे के साथ-साथ बिहारी अस्मिता का परचम भी बुलंद हो। अलग-अलग राजनीतिक दलों के झंडों की जगह सिर्फ तिरंगे का लहराना एक अलग ही परिदृश्य उपस्थित करेगा।

 भाजपा नेता ने कहा कि जीवन में कई दफे ऐसे अवसर आते हैं, जब हम जात-पात, धर्म-मजहब, राजनीतिक व वैचारिक मतभिन्नताओं की बेड़ियों को तोड़ एक साथ उठ खड़े होते हैं। हमने कई अवसरों पर यह साबित किया है कि तमाम विविधताओं के बावजूद हमारा देश उत्तर से दक्षिण व पूरब से पश्चिम तक एक है।

 हमारे राष्ट्र की यह एकजुटता आज भी पूरे विश्व को अचंभित कर देती है। वह सोचने को विवश हो जाते हैं कि आखिर इतनी भिन्नताओं के बाद भी इस देश में यह सामर्थ्य आखिर आता कहां से है। इसका एकमात्र उत्तर राष्ट्रवाद ही है। राष्ट्रवाद ही वह डोर है जिसने दुनिया की हर संस्कृति, हर मान्याताओं से भरे इस मुल्क को एकसूत्र में बांध कर रखा हुआ है।

आगामी 23 अप्रैल को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जगदीशपुर में आयोजित हो रहा बाबू वीर कुंवर सिंह का विजयोत्सव हमारी इसी एकजुटता का सिंहनाद है। भारतीय राष्ट्रवाद का प्रतीक बन चुके इस आयोजन से जुड़ी खबरें पूरे विश्व में चर्चा का विषय बन चुकीं हैं। इस अभूतपूर्व आयोजन के ऐतिहासिक और अविस्मरणीय पलों को कैद करने के लिए 23 अप्रैल को देश और दुनिया भर के पत्रकारों का हुजूम भी इस मैदान में रहेगा।

 भाजपा नेता ने लोगों से उस दिन के दुलौर मैदान के दृश्य के पूर्वानुमान लगाते हुए कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह जी की वीरता का गवाह जगदीशपुर का दुलौर मैदान में जुटे लाखों बिहारवासियों का उमड़ता जोश और हाथ में लहराता तिरंगा के बीच गूंजता जयघोष। क्या उस दिन के नजारे की कल्पना मात्र से ही रोम-रोम रोमांचित नहीं हो उठता है? ऐसे में कोई बिहारी उस दिन घर पर कैसे रह सकता है।

 राष्ट्र की ही तरह राष्ट्रनायकों पर भी सभी नागरिकों का हक होता है। राष्ट्रनायकों का सम्मान और उनके शौर्य का यशोगान हम सभी का कर्तव्य भी है और दायित्व भी। ऐसे में मेरी बिहार के प्रत्येक नागरिक से अपील है कि इस आयोजन के सहभागी अवश्य बनें।

 उन्होंने कहा कि यह समारोह बिहार के प्रत्येक नागरिक का है। यहां 23 अप्रैल को देश प्रेम का एक मिसाल दिखेगा। उन्होंने कहा कि उस दिन 75 हजार से ज्यादा तिरंगा इस समारोह में फहरेंगे, इस दिन गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्डस की टीम भी उपस्थित रहेगी।

 डॉ. जायसवाल ने कहा कि यह एक पूरी तरह गैर राजनीतिक आयोजन है। आयोजन स्थल पर किसी भी पार्टी का झंडा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आज हम आजाद भारत में चैन की सांस ले रहे हैं, तो उसकी वजह बाबू वीर कुंवर सिंह जैसे सपूतों का योगदान है। ऐसे नायकों को पूरे देश में सम्मान मिलना चाहिए और ऐसा तभी होगा जब उनके बारे में केवल बिहार के लोग ही नहीं देश व दुनिया के लोग जानें।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.