जलवायु परिवर्तन विषयक जागरूकता शिविर सह सेमिनार। पटना जिला के बिहटा प्रखंड स्थित कोरहर ग्राम में अवस्थित "रामचंद्र सिंह सभागार" में ....
बिहार

जलवायु परिवर्तन विषयक जागरूकता शिविर सह सेमिनार का आयोजन

पटना,जितेन्द्र कुमार सिन्हा। जलवायु परिवर्तन विषयक जागरूकता शिविर सह सेमिनार। पटना जिला के बिहटा प्रखंड स्थित कोरहर ग्राम में अवस्थित “रामचंद्र सिंह सभागार” में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सोमवार को पटना महिला बाल युवा केन्द्र के तत्वावधान में जलवायु परिवर्तन विषयक जागरूकता शिविर सह सेमिनार का आयोजन किया गया।
उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से अपने जन्मदिन पर एक एक पौधा लगाने और पॉलीथिन थैला उपयोग नहीं करने का शपथ लिया।
सेमिनार का उद्घाटन करते हुए प्रसिद्ध समाज सेविका प्रभावती देवी ने कहा कि पूरी दुनियां में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है। विश्व भर में बढ़ रहे प्रदूषण, ग्रीन हाउस गैस के प्रभाव और अन्य मानव जाति के हित में पर्यावरण से जुड़े मुद्दों के बारे में लोगों को अवगत कराना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। पर्यावरण उन सभी भौतिक, रासायनिक एवं जैविक कारकों की समष्टिगत एक इकाई है, जो किसी जीवधारी अथवा पारितंत्रीय आबादी को प्रभावित करते हैं तथा उनके रूप, जीवन और जीविता को तय करते हैं।
श्री सुरेश ने कहा कि इसी तरह वर्ष 2023 में विश्व पर्यावरण दिवस की थीम ‘प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान’ (Solutions to Plastic Pollution) रखी गई है। इसका उद्देश्य प्रकृति को प्लास्टिक मुक्त बनाना और पर्यावरण को बचाना है। बदलते समय में प्लास्टिक के सामानों, थैलियों का उपयोग बहुत ज्यादा हो रहा है। अत: प्लास्टिक से मुक्ति दिलाने के लिए ही इस बार की थीम (थीम का अर्थ जीवन के बारे में महत्वपूर्ण सबक है, जो पाठक एक ठोस तरीके से जुड़ सकते हैं) रखी गई है। साथ ही इसे ऐसा भी समझा जा सकता है कि वन-जंगलों में अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर, उन्हें नया जीवन देना तथा जगह- जगह तालाब बनाकर वर्षा के पानी को संरक्षित करना है।

इसे भी पढ़ें- विधान सभा और संसद के सेंट्रल हॉल में श्री नारायण दास की तैल चित्र लगेः मनोज मनु
शिक्षक मनीष कुमार ने कहा कि प्रकृति से ही हम हैं। अत: इसके संरक्षण के लिए हमें वाहनों का प्रयोग कम से कम करके पैदल या साइकिल के अधिक उपयोग पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए। प्रदूषण को जड़ से खत्म करने के लिए हमें कट रहे पेड़ों को संरक्षित करके उन्हें काटने से रोकना चाहिए तथा हर व्यक्ति को कम से दो-दो पौधे अवश्‍य लगाना चाहिए।
उक्त अवसर पर अंजलि का कहना है हमें प्रकृति सहेजने के प्रति अपना कर्तव्य निभाते हुए तालाब, वन, नदी, जंगल, पशु- पक्षी और पहाड़ों का संरक्षण करना चाहिए। ग्लोबल वार्मिंग ओर जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाएं। कोशिश करें कि हम अपने जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य ही लगाएं।

इसे भी पढ़ें-मुख्यमंत्री राहत कोष न्यासी पर्षद की 22वीं बैठक में मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश
सेमिनार में में लक्ष्मी ने कहा कि घर-घर में स्वच्छता अभियान बढ़ाएंगे, लेकिन पेड़-पौधों को कोई नुकसान नहीं होने देंगे। वृक्षों को कटने से बचाने के लिए हमें पेड़ों से प्राप्त होने वाले पेपर, लिफाफे आदि की रीसाइक्लिंग करके दोबारा उपयोग योग्य बनाना चाहिए। हमें अपने चारों ओर अधिक से अधिक वृक्ष लगाना चाहिए तथा समय-समय पर उन्हें पानी, खाद देकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। रासायनिक उर्वरक और कीटनाशक आदि का प्रयोग कम करते हुए घरेलू तरीके से बनी खाद का उपयोग बढ़ाना चाहिए तथा मिट्‍टी, जल और वायु को दूषित होने से बचाना चाहिए।

इसे भी पढ़ें-वृक्षारोपण करें, साइकिल चलाएं पर्यावरण बचाएं : तेज प्रताप यादव
उन्होंने कहा कि हमें पानी का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। हमें प्लास्टिक की थैलियों पर निर्भर न रहते हुए पुराने कपड़े से बने झोले या थैलियों का उपयोग बढ़ाकर पर्यावरण के संरक्षण में हमारा योगदान देना चाहिए। इसके अलावा घर के सभी सदस्यों (बच्चे, बूढ़े या जवान) को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए कूड़े-कचरे को निर्धारित जगह पर फेंकने तथा पौधों का संरक्षण करने की सीख देना चाहिए।

कार्यक्रम समन्वयक राधे श्याम ने कहा कि ये बातें सिर्फ जुबानी या किताबों में न रह जाएं, बल्कि हमें जीवन में उतारनी होंगी। प्रदूषण से पर्यावरण को बचाना है। पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली अपनानी होगी। पर्यावरण के संतुलन कायम रखने से ही जीव और मानव का विकास संभव है। सोलर ऊर्जा का प्रयोग बढ़ना होगा। ऊर्जा का अनावश्यक खर्च न करने की आदत डालनी होगी। जल संसाधनों की बचत करनी होगी। सेमिनार के अन्य वक्ताओं में पुजा कुमारी, पम्मी कुमारी, बलराज चौहान, आरती कुमारी प्रमुख थे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.