ठिठुरन भरी ठंड में  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिमी चंपारण जिले के दरुआबारी गांव से अपनी समाधान यात्रा शुरू कर दी है। इस यात्र ...
बिहार

समाधान यात्रा नीतीश कुमार : पश्चिमी चंपारण के दरुआबारी गांव से शुरू

नीतीश निकले समाधान यात्रा पर,18 जिलों की इस यात्रा में करेंगे समस्याओं का समाधान। इस यात्रा के दौरान चलकर वो गांव-गांव पहुंचेंगे और समस्याओं को ढूंढ़ कर उसका समाधान करेंगे।

बेतिया, संवाददाता। ठिठुरन भरी ठंड में  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिमी चंपारण जिले के दरुआबारी गांव से अपनी समाधान यात्रा शुरू कर दी है। इस यात्र के लिए सीएम नीतीश रात को ही पश्चिमी चंपारण पहुंच गए थे। रात्रि विश्राम उनका वाल्मीकिनगर में हुआ।

दूसरी तरफ बिहार में कोल्ड वेभ चल रही है। ठंड फिलहाल थम नहीं रहा है। मौसम विभाग ने 19 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया हुआ है। इस लहर भरी ठंड के बीच भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेतिया के समहरणालय में जीविका दीदीयों के साथ बैठक की है। वित्त मंत्री विजय चौधरी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

 आज ही सीएम नीतीश कुमार की समाधान यात्रा बगहा पहुंची। जहां वो बगहा दो प्रखंड के दरुआबारी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दलदलवा पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने तलाब में मछलियां भी छोड़ी। इसी क्रम में प्रभारी मंत्री ने बुके देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पोखर का सौंदर्यीकरण देखने के बाद सीएम प्रसन्न दिखे।  यहीं सीएम नीतीश ने दरुआबारी गांव में करीब 29 लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन और वर्कशेड का शिलान्यास किया। इसके बाद दलित बस्ती में जाकर लोगों की समस्याएं सुनी।

मुख्यमंत्री ने इस यात्रा के दौरान पारस नगर के समीप गंडक नदी द्वारा के कटाव स्थल का भी निरीक्षण किया। कटाव की स्थिति का जायजा लेने के बाद अभियंताओं को कई निर्देश दिए। गंडक नदी के कटाव से नगर को बचाने रखने के लिए पारस नगर के पास पक्का बांध निर्माण एवं बांध का और अधिक विस्तार करने का निर्देश उन्होंने अभियंताओं को दिया।

मुख्यमंत्री ने विश्व मानव सेवा आश्रम, नरकटियागंज द्वारा दरुआबारी ग्राम में लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। विश्व मानव सेवा आश्रम के संस्थापक शत्रुघ्न झा ने बुनकरों द्वारा चरखा से सूत कातने एवं खादी का कपड़ा बनाने के विषय में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। आश्रम से जुड़ी बालिकाओं ने मुख्यमंत्री के स्वागत में स्वागत गान गाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी नई पीढ़ी के लोग गांधी जी को याद रखें हैं, यह बहुत अच्छी बात है। हम हर जगह बापू की चर्चा करते रहते हैं ताकि युवा पीढ़ी के लोगों को गांधी जी के विचारों, उनके कामों एवं बताए मार्गों का ऐहसास हो आपलोगों से मिलकर और यह जानकर कि आप बापू के विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं, मुझे काफी खुशी हुई है। भ्रमण के क्रम में दरुआबारी गाँव के लोगों ने जगह-जगह मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

 मुख्यमंत्री की यह समाधान यात्रा फिलहाल 18 जिलों से होकर गुजरेगी।बताया जा रहा है कि इस यात्रा का मकसद गांव में हो रहे विकास कार्यों का जायजा लेना है और उसमें उत्पन्न किसी भी तरह की वाधाओं को दूर करना है।   

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.