सामाजिक संगठन मानव अधिकार रक्षक की टीम ससुराल में विभा कुमारी की हत्या किये जाने को लेकर वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के मोहनपुर धनराज...
बिहार

ससुराल में विभा की हत्या, न्याय दिलाने वैशाली पहुंचा मानव अधिकार रक्षक

हाजीपुर,संवाददाता। सामाजिक संगठन मानव अधिकार रक्षक की टीम ससुराल में विभा कुमारी की हत्या किये जाने को लेकर वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के मोहनपुर धनराज गांव पहुंची और पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात कर उन्हें इस मामले में न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

 वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के मोहनपुर धनराज गांव निवासी सुबोध राम की बहन विभा कुमारी की शादी पटना जिले के परसा बाजार थाना के खैराटाली गांव निवासी विमल प्रकाश से हुई थी। लेकिन 24 दिसंबर को परसा बाजार थाना ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बहन की हत्या कर दी गयी है।

 सुबोध राम का आरोप है कि विभा कुमारी के ससुरालवालों ने ही मिल कर उसकी हत्या की है। सुबोध राम के अनुसार शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग उनकी बहन को दहेज देने के लिये प्रताड़ित किया करते थे। उसके साथ मारपीट भी किया करते थे। और 24 दिसम्बर को मारपीट करते हुए उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि मन मुताबिक दहेज नहीं मिलने के कारण ससुरालवालों ने उनकी बहन की हत्या कर दी है।   

 गरीब और लाचार सुबोध राम मृतका विभा के अमीर और रसूखदार ससुराल वालों के खिलाफ न्याय की लड़ाई में खुद को असमर्थ पाते हैं। इसलिए उन्होंने सामाजिक संगठनों और शासन-प्रशासन से अपनी बहन के लिए न्याय की गुहार लगाई है।  सुबोध राम के आमंत्रण पर ही मानवाधिकार के क्षेत्र में काम कर रहा सामाजिक संगठन मानव अधिकार रक्षक की टीम मामले की पड़ताल करने महुआ स्थित सुबोध के मोहनपुर धनराज गांव पहुंची।

मानव अधिकार रक्षक की इस टीम में संगठन की संस्थापिका रीता सिन्हा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार, बिहार प्रदेश अध्यक्ष चेतन थिरानी, महिला सेल की प्रदेश अध्यक्ष नम्रता आनंद, सदस्य रश्मि सिन्हा, सरिता देवी और अन्य सदस्य शामिल थे। टीम ने मोहनपुर गांव के मुखिया सहिन्द्र सहनी, ग्रामीण प्रो. लक्ष्मण राम,  प्रेम कुमार यादव, सफल राम, चंदन कुमार से मुलाकात कर घटना बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

   पड़ताल के बाद मानव अधिकार रक्षक की संस्थापिका रीता सिन्हा ने कहा कि आज भी दहेज प्रथा हर जगह व्याप्त है। आज भी कितनी बहुएं दहेज की खातिर मारी जा रही हैं। लेकिन अब ऐसे हत्यारों को सजा दिलवाने के लिए हमारा संगठन काम कर रहा है। हम पूरी कोशिश करेंगे कि पुलिस के सामने सारा सच आए और सभी अपराधियों को सही सजा मिल सके।

Read also- घरेलू उद्योग से महिलाओं को स्वावलंबी बनाएगा समर्थ नारी समर्थ भारत – माया श्रीवास्तव  

  नम्रता आनंद ने कहा कि दहेज लोभी व्यक्ति को अपने कृत्य की सख्त सजा मिलनी ही चाहिए। इसके लिए संगठन पूरी कोशिश करेगा। ताकि  समाज में यह संदेश पहुंचे कि दहेज के लालचियों को कानून बख्शेगा नहीं। उन्होंने कहा कि दहेज के कारण नवविवाहिता दुल्हनों की मौत के कई मामले अक्सर सुनने पढ़ने को मिलते हैं। इसीलिए इस प्रथा को ही समाप्त करने की आवश्यकता है।

watch it also – पटना के खाराटाली गांव में 25 वर्षीय विभा कुमारी की ससुराल वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी

 मानव अधिकार रक्षक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार ने पड़ताल के बाद कहा कि दहेज के खिलाफ सरकार को और कड़े कानून बनाने चाहिए और उनका पालन सुनिश्चित कराया जाना चाहिए। साथ ही समाज को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका का निर्वाह करते हुए ठोस उपाय करने चाहिए। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चेतन थिरानी ने कहा कि विभा कुमारी के परिजनों को न्याय दिलाने में संगठन कोई कोर कसर नही छोड़ेग।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.