Breaking News

चुनाव रिजल्ट के बाद ही स्कूल खुलने पर विचार किया जायेगा

बिहार की राजधानी पटना के स्कूल फिलहाल बंद ही रहेंगे। अक्टूबर में स्कूल खोलने पर ज्यादातर स्कूल राजी नहीं हैं। दूर्गापूजा के बाद यानी नवंबर के पहले सप्ताह में स्कूल खोलने को लेकर निर्णय लिया जायेगा। संचालकों ने फिलहाल स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है। नवंबर में स्कूल अगर खुलेंगे तो केवल 9वीं से 12वीं के तक के ही छात्रों को बुलाया जायेगा। ज्ञात हो कि गृह मंत्रालय द्वारा 15 अक्टूबर से सीनियर क्लास के लिए स्कूल खोलने का निर्देश दिया गया है। लेकिन अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजने से मना कर दिया है। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के प्राचार्य फादर किस्ट्रू ने बताया कि दूर्गापूजा के बाद ही कुछ निर्णय लिये जायेंगे। 

स्कूलों ने सेंकेड टर्म की परीक्षा शुरू कर दी है। अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू हुआ सेकेंड टर्म दूसरे सप्ताह तक चलेगा। इसके बाद दूर्गापूजा में ऑनलाइन क्लास चलेगी। सेंकेंड टर्म की परीक्षा का रिजल्ट नवंबर में मिलेगा। रिजल्ट के बाद स्कूल फिर अभिभावकों से राय लेगा। इस बार स्कूलों द्वारा दूर्गापूजा की छुट्टी तीन से चार दिन की दी जायेगी। इस बीच ऑनलाइन क्लास चलेगी। जिससे आगे के सिलेबस को पूरा किया जा सके। बाल्डविन एकेडमी के प्राचार्य राजीव रंजन ने बताया कि चूंकि पढ़ाई ऑनलाइन हो रही है तो दूर्गापूजा की अष्टमी से छुट्टी दी जायेगी।

गौरतलब है कि 10 नवंबर तक बिहार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद ही स्कूल खोलने पर विचार किया जायेगा। सेंट माइकल हाई स्कूल, नॉट्रेडम एकेडमी, सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, लोयेला हाई स्कूल आदि जगहों पर मतदान केंद्र बने रहते हैं। ऐसे में इन स्कूलों में मतदान की तैयारी चलेगी। दस को चुनाव रिजल्ट आयेगा। इसके बाद ही स्कूल खुलने पर विचार किया जायेगा।