Breaking News बिहार

“पाटलिपुत्र अवार्ड” से सम्मानित हुए रंगकर्मी

पाटलिपुत्र नाट्य महोत्सव के 36वें संस्करण का धूमधाम से हुआ आगाज

प्रदेश के दो वरिष्ठ रंगकर्मी आर. नरेंद्र और प्रमोद त्रिपाठी प्रतिष्ठित ” पाटलिपुत्र अवार्ड ” से सम्मानित

दूसरे दिन 3 फरवरी बुधवार को बादल सरकार लिखित नाटक ” सारी रात ” का मंचन

पटना । 36वें पाटलिपुत्र नाट्य महोत्सव का मंगलवार की शाम धूमधाम से कालिदास रंगालय में उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के दो वरिष्ठ रंगकर्मी आर. नरेंद्र और प्रमोद कुमार त्रिपाठी को प्रतिष्ठित ” पाटलिपुत्र अवार्ड ” से सम्मानित किया गया। इन्हें मुख्य अतिथि राजीव कुमार ने अंग वस्त्र और सम्मान पत्र प्रदान किया।
भानगढ़ के सचिव अभय सिन्हा ने बताया कि आर. नरेंद्र और प्रमोद त्रिपाठी पटना रंगमंच पर पिछले साढ़े चार दशकों से अधिक समय से सक्रिय हैं और दोनों ने दर्जनों नाटकों, धारावाहिकों और फिल्मों में अभिनय व निर्देशन कर पटना रंगमंच को राष्ट्रीय फलक प्रदान किया है।

महोत्सव के दूसरे दिन आज 03 फरवरी 2021 की शाम 6:30 बजे, कालिदास रंगालय में पटना की चर्चित रंग संस्था ‘विश्वा’ की प्रस्तुति “सारी रात” का मंचन है। बादल सरकार लिखित इस नाटक का निर्देशन राजेश राजा ने किया है।

नाटक का कथासार इस प्रकार है। एक स्याह अंधेरी रात में उपजा सत्य प्रकाश के आलोकित होने से पहले अनेकों अनेक उधेड़बुन एवं अनिश्चय की स्थिति अंततः वर्तमान में छोड़ जाता है वृद्ध पति-पत्नी और रंजन संपूर्णता की ओर अग्रसर होते हैं | जहां संबंधों की अनेकों तहे दृष्टिगोचर होती है | जिज्ञासा प्रबल होकर दमित इच्छाओं की पूर्ति को आतुर होती है | मन को छूती है आंदोलित करती है | सारी रात प्रश्न उत्तर और प्रत्युत्तर के बीच सपनों को यथार्थ रूप देने को प्रतिबद्ध होता दिखता है | अव्यवस्थित कमरा मानव मन के बिंब को प्रतिबिंबित कर उसे सहेजने और संजोने का एक प्रयास मात्र है और सफलता अनिश्चित |
कलाकारों में आदित्य सिंह स्त्री की भूमिका में, आदिल रशीद ( वृद्ध ) और संदीप कुमार ( पुरुष) ने लाजवाब अभिनय किया। संगीत संयोजन संयोजन राहुल कुमार का था, जबकि प्रकाश परिकल्पना रौशन कुमार की थी।