Breaking News

वैक्सीन थर्ड पेज का ट्रायल जल्द होगा शुरू, 250 से अधिक हो चुके हैं इनरोलमेंट

पटना. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को पटना एम्स में वैक्सीन ट्रायल की समीक्षा की। दो फेज का वैक्सीन ट्रायल पूरा हो चुका है। तीसरे फेज की तैयारी शुरू हो गई है। अभी तक 250 से अधिक इनरोलमेंट हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे चार दिवसीय यात्रा पर बिहार में हैं। इस क्रम में रविवार को पटना एम्स पहुंचे। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ सीपी ठाकुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बातचीत की। उनके स्वास्थ्य संबंधित हालचाल जाना। डायरेक्टर से उनके स्वास्थ्य संबंधित जानकारी ली। गौरतलब है कि कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ ठाकुर पटना एम्स में इलाजरत्त हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने एम्स डायरेक्टर, कोविड प्रभारी एवं अन्य डॉक्टरों के साथ बैठक की। इसमें बिंदुवार वैक्सीन ट्रायल पर चर्चा हुई। एम्स ने तीसरे फेज की तैयारी शुरू कर दी है। यथाशीघ्र तीसरे फेज का भी ट्रायल शुरू हो जाएगा। इस मौके पर उन्होंने डॉक्टरों व वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित किया। उनके कार्यों की सराहना की। श्री चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार प्रत्येक देशवासियों तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैक्सीन को लेकर लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं। उन्होंने तीन शहरों का दौरा भी किया। जहां पर विभिन्न कंपनियां इस कार्य में लगी हुई है। उन्होंने डाक्टरों एवं वैज्ञानिकों की हौसला अफजाई भी की। वैक्सीन वितरण पर भी लगातार समीक्षा बैठक जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने पटना एम्स में भर्ती कोविड-19 के मरीजों के हालात की भी जानकारी ली। उन्होंने विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव एवं टीबी एसोसिएशन के बिहार चैप्टर के अध्यक्ष उपेंद्र विद्यार्थी से भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। अन्य मरीजों के हालात से भी अवगत हुए। सभी के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। एम्स प्रशासन से कोविड-19 मरीजों के ठीक होने के बाद की स्थिति एवं अन्य सामान मरीजों की भी जानकारी ली।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने बताया कि बिहार में आरटीपीसीआर से टेस्टिंग की संख्या में बढ़ोतरी हो इसके लिए केंद्र सरकार लगातार सहयोग कर रहा है। 17 केंद्रों पर अपग्रेड करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही कमिश्नरी स्तर पर भी आरटी पीसीआर से टेस्टिंग की व्यवस्था ज्यादातर पर संभव हो जाएगी। केंद्र के सहयोग से बिहार को एक कोबास मशीन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे टेस्टिंग की क्षमता में काफी बढ़ोतरी हो जाएगी। बिहार कोविड-19 में लगातार बेहतर कर रहा है। यहां ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 95 फ़ीसदी से अधिक है। जो आरटी पीसीआर मशीन है, वह पोस्ट कोविड-19 लोगों को मदद उपलब्ध कराएगा। लोगों के विभिन्न तरह के जांच भी इस मशीन से संभव हो सकेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने लोगों से अपील की कि अभी कोरोना का खतरा टला नहीं है। इसलिए कोविड के अनुरूप जो दिशा निर्देश है, उसका पालन करें। नियमित रूप से मास्क लगाएं, किसी तरह की ढिलाई ना बरतें।