Breaking News बिहार

स्त्री अधिकारों की आवाज बन उभरी “चारुलता”

सोमा चक्रवर्ती के सफल निर्देशन में गुरु रवींद्रनाथ ठाकुर की कहानी की दमदार प्रस्तुति

5 दिवसीय 36वां पाटलिपुत्र नाट्य महोत्सव -2021 संपन्न


पटना। स्थानीय कालिदास रंगालय में मंगलवार से चल रहे 36वें पाटलिपुत्र महोत्सव-2021 का शनिवार को गुरु रविंद्रनाथ ठाकुर की प्रसिद्ध कहानी “चारुलता” के मंचन के साथ समापन हो गया।
डा. किशोर सिन्हा द्वारा रूपांतरित इस नाटक का निर्देशन पटना रंगमंच की सशक्त अभिनेत्री-रंगकर्मी सोमा चक्रवर्ती ने किया था।
“चारुलता” लगभग एक शताब्दी पूर्व गुरु रवींद्रनाथ ठाकुर की एक ऐसी रचना है, जो आधुनिक स्त्री विमर्श की बुनियाद मानी जा सकती है। स्त्रियों की भी अपनी इच्छा, आशाएं और आकांक्षाएं होती हैं। वह सिर्फ पुरुषों के हां में हां मिलाने वाली नहीं, बल्कि अपने बलबूते फैसला करती है। प्रांगण के कलाकारों ने बड़ी सुगमता से चरित्रों के भावों को प्रभावी ढंग से दर्शकों तक प्रेषित किया।
चारुलता की भूमिका में सोमा चक्रवर्ती अपने दमदार और भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। अन्य प्रमुख भूमिकाओं में गिरीश मोहन (भूपति), अनिल वर्मा (उमापति), अर्पिता घोष (मंदा भाभी), संजय सिंह (अमल), अमिताभ रंजन, ओमप्रकाश, राजेश पांडेय, आशुतोष कुमार, हरिकृष्ण सिंह (मुन्ना आनंद) ने अपनी-अपनी भूमिकाओं को जीवंत किया।

प्रकाश परिकल्पना किशोर केशव और संजय वर्णवाल की थी। संगीत निर्देशन रामकृष्ण सिंह का था। प्रस्तुति को सफल बनाने में अभय सिन्हा, संजय सिंह, सुनील कुमार और मधुरेश कांत शरण ने भरपूर सहयोग किया।
आज नाटक देखने वाले प्रमुख लोगों में पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्धकी, श्याम रजक, वरिष्ठ रंगकर्मी संजय उपाध्याय, विनीत झा, डॉ. ध्रुव कुमार, सुमन कुमार, किशोर सिन्हा, नीलेश्वर मिश्र, आर नरेंद्र आदि शामिल थे।
सचिव अभय सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में कोरोना के मद्देनजर नाट्य मंचन के लिए स्थानीय संस्थाओं को ही आमंत्रित किया गया था। इनमें विश्वा, कला जागरण, मंथन कला परिषद, खगौल शामिल थीं। प्रथम और समापन दिवस पर प्रांगण के कलाकारों ने नाटक मंचित किया गया। इस वर्ष नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, जुलूस आदि को स्थगित रखा गया था, जो हर वर्ष पाटलिपुत्र नाट्य महोत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हुआ करता था। इस वर्ष पाटलिपुत्र अवार्ड से वरिष्ठ रंगकर्मी आर नरेंद्र और प्रमोद कुमार त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। श्री सिन्हा ने बताया कि अगले वर्ष यह महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया जाएगा।