Breaking News राजनीति

उपेंद्र कुशवाहा गए विधान परिषद, मंत्री जनक राम भी बन गए विधान पार्षद

भाजपा-जदयू ने बांट लिए राज्यपाल कोटे से 12 विधान पार्षद

पटना। बुधवार को बिहार में राज्यपाल कोटे से 12 विधान पार्षदों का मनोनयन हो गया है। राज्यपाल फागू चौहान के आदेश से बुधवार को इसकी अधिसूचना भी जारी हो गई। विधान परिषद का सदस्य बनने वालों में भाजपा और जदयू के छह-छह नेता हैं। इन दो पार्टियों के अलावा एनडीए में बाकी किसी के हिस्से कुछ नहीं आया। इससे विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) के नेता नाराज बताए जा रहे हैं। वीआईपी सुप्रीमो मंत्री मुकेश सहनी अपने भाई संतोष सिंह को विधान परिषद में पहुंचाकर मंत्री बनाना चाहते थे। हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी भी अपनी पार्टी से एक विधान पार्षद चाहते थे। दोनों इतने नाराज बताए जा रहे हैं कि आने दिनों में कोई बड़ा गुल भी खिल सकता है। दोनों इस बात से अधिक खफा हैं कि हाल ही में जदयू में विलय करने वाले रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा को एमएलसी बना दिया गया। अब वह मंत्री भी बनाए जाएंगे। पहले उनकी जगह पत्नी स्नेह लता को एमएलसी बनाने की बात थी। कहा गया था कि खुद कुशवाहा अगले साल जदयू कोटे से राज्यसभा जाएंगे। लेकिन अब शायद कुशवाहा ने पत्नी की जगह खुद मंत्री बनने का फैसला कर लिया है।

वैसे एमएलसी बनाए गए लोगों में मंत्री अशोक चौधरी (जदयू) और मंत्री जनक राम (भाजपा) का नाम पहले से तय था। दोनों अभी तक किसी सदन का सदस्य नहीं थे। जदयू से मंत्री अशोक चौधरी और उपेंद्र कुशवाहा के अलावा संजय सिंह, संजय गांधी, ललन सर्राफ और रामवचन राय भी विधान परिषद के लिए मनोनीत हुए हैं। भाजपा कोटे से मंत्री जनक राम के अलावा राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, देवेश कुमार, डॉ प्रमोद कुमार, घनश्याम ठाकुर, निवेदिता सिंह की लाटरी लगी है। गौरतलब है कि विधान परिषद के लिए राज्यपाल कोटे वाली ये 12 सीटें पिछले एक साल से खाली थीं।

अगर क्षेत्रवार देखें तो 12 में से पटना प्रमंडल को सबसे ज्यादा तीन एमएलसी मिले हैं। ये तीन हैं- अशोक चौधरी, संजय सिंह और उपेंद्र कुशवाहा। इसी तरह सारण प्रमंडल से दो एमएलसी बने हैं। ये हैं- गोपालगंज से जनक राम और सीवान से राम वचन राय। दरभंगा प्रमंडल को भी दो एमएलसी मिले हैं। ये हैं- समस्तीपुर से देवेश कुमार और मधुबनी से घनश्याम ठाकुर। जबकि भागलपुर प्रमंडल से संजय सिंह इकलौते एमएलसी हैं। इसी तरह कोसी प्रमंडल से मधेपुरा के ललन कुमार सर्राफ, पूर्णिया प्रमंडल से अररिया के प्रो. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता एमएलसी बनाए गए हैं।