Breaking News बिहार राजनीति

बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है यह ज्ञान की भूमि है : नीतीश कुमार

पटना. ज्ञान भवन में 109वें बिहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुये। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 109वें बिहार दिवस के अवसर पर आप सभी बिहारवासियों को बधाई देता हूं। आज के इस अवसर पर बिहार के गौरव से जुड़ी कई बातों की चर्चा सभी वक्ताओं ने संक्षेप में की है। उन्होंने कहा कि जब से बिहार में हमलोगों को काम करने का मौका मिला हमलोगों ने बिहार दिवस मनाने के लिए विस्तृत चर्चा शुरू की।

CM नीतीश कुमार ने कहा कि अंग्रेजों ने बिहार को अलग प्रांत के रुप में 22 मार्च 1912 को नोटिफाई किया। इसके आधार पर हमलोगों ने 22 मार्च को बिहार दिवस मनाना निचित किया। वर्ष 2010 में हमलोगों ने पटना के गांधी मैदान में भव्य बिहार दिवस मनाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। वर्ष 2012 में 100 साल पूरे होने पर बिहार दिवस खास तरीके से आयोजित किया गया था।
पटना पाइलट्स ने भागलपुर बुल्‍स को 2 विकेट से हराया
उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है यह ज्ञान की भूमि है। पूर्व में बिहार काफी विकसित रहा है। पटना जो पहले पाटलिपुत्र कहलाता था यहीं से बहुत बड़े क्षेत्र पर शासन होता था।
बिहार दिवस के आयोजन की जिम्मेवारी शिक्षा विभाग को दी गई है। शिक्षा विभाग की लोगों को शिक्षित करने में, ज्ञानी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। बिहार दिवस मनाने का मकसद है कि बिहार को हम सब मिलकर आगे बढ़ाएं एवं बिहार को विकसित करें। सबलोगों के मन में आत्मविश्वास बढ़े, सभी लोग प्रेम और आपसी भाईचारे के साथ मिलकर बिहार को आगे बढ़ाएं।

अब तो देश और देश के बाहर भी बिहार दिवस मनाया जाने लगा है। आदरणीय राष्ट्रपति जी एवं प्रधानमंत्री जी ने बिहारवासियों को बिहार दिवस के अवसर पर बधाई दी है। हम उन्हें इसके लिए धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहार दिवस के कार्यक्रम भव्य तरीके से आयोजित किए जाते रहे हैं और इस अवसर पर लोगों को सम्मानित भी किया जाता रहा है लेकिन कोरोना के कारण पिछले साल कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। इस बार हमलोग वीडियो कनफ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार दिवस मना रहे हैं।

ज्ञान और मोक्ष की धरती है बिहार- नीतीश कुमार

बिहार ज्ञान और मोक्ष की धरती है। हमलोगों का उद्देश्य है सभी बच्चे-बच्चियां शिक्षित हों। जब सभी लोग शिक्षित होंगे तभी बिहार फिर से गौरवशाली इतिहास को प्राप्त करेगा, बिहार फिर से आगे बढ़ेगा और देश भी आगे बढ़ेगा। हमलोगों ने लड़कियों के पढ़ने के लिए पोशाक एवं साईकिल योजना शुरु की। राज्य की आबादी बढ़ रही है, क्षेत्रफल सीमित है। राज्य में प्रजनन दर को घटाने के लिए लड़कियों को शिक्षित करना जरुरी है। हर ग्राम पंचायत में प्लस-2 की पढ़ाई के लिए उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की जा रही है। मैट्रिक की परीक्षा में लड़के-लड़कियों की भागीदारी अब बराबर है।

हम सब मिलकर प्रयास करेंगे तो बिहार के गौरवशाली इतिहास को पुनः प्राप्त कर लेंगे: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर प्रयास करेंगे तो बिहार के गौरवशाली इतिहास को एक बार फिर से प्राप्त कर लेंगे और बिहार के साथ देश और पूरी दुनिया में अपनी पहचान पुनर्स्थापित कर लेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई कार्य किए गए हैं। सड़क, पुल-पुलियों का निर्माण किया गया है। शहरों के अंदर बाईपास का निर्माण कराए जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। लोगों को तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशासनिक सुधार के क्षेत्र में भी कई कार्य किए गए हैं। लोक सेवा के अधिकार कानून से लोगों को सहूलियत हो रही है। लोक शिकायत निवारण अधिकार कानून के माध्यम से लोगों की शिकायतों का निवारण हो रहा है।

बिहार दिवस के मौके पर सीएम नीतीश कुमार ने पेश किया विकास कार्यों का लेखा-जोखा

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग को इस बात के लिए बधाई देते हैं कि बिहार दिवस के अवसर पर इस बार का थीम जल-जीवन-हरियाली को रखा गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए 13 जुलाई, 2019 को सभी विधायकों एवं विधान पार्षदों के साथ बैठक हुई थी जिसमें जल-जीवन-हरियाली अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। जल-जीवन-हरियाली अभियान का मतलब है जल और हरियाली है तभी जीवन सुरक्षित है। इस अभियान के तहत 11 अवयवों को शामिल किया गया है। इसमें सात योजनाएं जल संरक्षण से संबंधित हैं, एक योजना वृक्षारोपण से, एक योजना मौसम के अनुकूल षि से, एक योजना सौर ऊर्जा से तथा एक योजना इस अभियान के प्रति लोगों को जागृत करने से है।