Breaking News बिहार राजनीति

महिला दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष बनीं गायित्री देवी


महिला सदस्यों ने सदन को किया संबोधित

पटना। विधानमंडल के बजट सत्र का आज 12वें दिन बिहार विधानसभा में महिला दिवस के मौके पर परिहार से BJP विधायक गायित्री देवी को विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया गया। परंपरा के अनुसार पीठासीन पदाधिकारी ने उन्हें आसन पर बिठाया। इस दौरान महिला सदस्यों ने सदन को संबोधित किया। कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी ने सीएम नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए आबादी के हिसाब से महिला विधायकों को सरकार में मंत्री बनाने की मांग की। इसके बाद हम पार्टी की विधायक और जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी को अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया गया।
महिला सदस्यों को किया गया सम्मानित
विधानसभा और विधान परिषद में सदस्यों को वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से सनस्बेरिया का पौधा भेंट के तौर पर दिया गया। इस पौधा से घर की वायु शुद्ध होती है। इसकी खासियत यह है कि कम पानी, कम धूप में भी ऑक्सीजन अपने आसपास देता है। उधर, बिहार विधान परिषद में भी भोजनावकाश के बाद महिला विधान पार्षद ने महिला दिवस के मौके पर अपना संबोधन दिया।कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने महिला सदस्यों को सम्मानित किया। उन्होंने महिला सदस्यों को उपहार के तौर पर पार्कर पेन दिया।
महिला विधायकों ने किया प्रदर्शन
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले पक्ष और विपक्ष की महिला विधायकों ने विधानमंडल परिसर में प्रदर्शन किया। महिला दिवस के मौके पर उन्होंने नारेबाजी लगाते हुए कहा कि दुर्गा लक्ष्मी, सरस्वती कहकर ठगते हो, विधान सभा में आरक्षण देने से डरते हो। कांग्रेस की प्रतिमा कुमार, राजद की संगीता कुमारी और मंजू अग्रवाल, भाजपा की अरुणा देवी ने महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की।