Breaking News राजनीति

राजद में घुटन महसूस करने वाले विधायकों की संख्या बढ़ रही : सुशील मोदी

पटना। बिहार भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधा है। राजद विधायक तेजप्रताप यादव द्वारा अपने ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के खिलाफ आए बयान के बाद अन्य राजनीतिक पार्टियां इसपर चुटकी ले रही हैं। इसी क्रम में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व मौजूदा राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि बिहार में मुख्य विपक्षी दल राजद अपने राजकुमारों से इस कदर परेशान है कि वह अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वाह नहीं कर पा रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि दल में असंतोष और घुटन महसूस करने वाले विधायकों की संख्या बढ़ रही है। दल में किसी बड़े भूकंप के आसार हैं।

राज्यसभा सांसद सुशील मोदी का ट्वीट।


पूर्व मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, “बिहार में मुख्य विपक्षी दल राजद अपने राजकुमारों से इस कदर परेशान है कि वह अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वाह नहीं कर पा रहा है। दोनों राजकुमार एक तरफ राजग सरकार पर अनर्गल आरोप लगाते हैं, तो दूसरी तरफ एक-दूसरे की लकीर छोटी करने में अजीबोगरीब बयानबाजी करते हैं।”
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने आगे लिखा, “हाल में तीर्थयात्रा से लौटे बड़े राजकुमार कभी प्रधानमंत्री की दाढ़ी पर टिप्पणी करते हैं, तो कभी अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को अपमानित करते हैं। वे पहले भी एक पूर्व प्रदेशाध्यक्ष को अपमानित कर चुके हैं।”
उन्होंने आगे संभावना जताते हुए कहा कि राजद को जिस सनकी और अलोकतांत्रिक तरीके से हांका जा रहा है, उससे दल में असंतोष और घुटन महसूस करने वाले विधायकों की संख्या बढ़ रही है। दल में किसी बड़े भूकंप के आसार हैं।