Breaking News

हम घरों में हरियाली बढ़ाने के बारे में नियमित विचार करें : मोहन भागवत

पटना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख बुधवार को यहां पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए आह्वान किया कि हम घरों में हरियाली बढ़ाने के बारे में नियमित विचार करें। उन्होंने छोटे-छोटे गमलों में भी पौधें लगाने की अपील की।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को यहां संघ के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ दो बैठक कीं। पहले सत्र में आरएसएस के दक्षिण बिहार प्रांत कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। दूसरे सत्र में संघ की प्रेरणा से चलने वाली गतिविधियों जैसे, पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, सामाजिक सदभाव, ग्राम विकास, गो विकास व संवद्र्घन के प्रांत स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की।
भागवत ने पर्यावरण की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए सन्नद्घ हो जाएं। उन्होंने इस क्रम में कुछ कार्यो को विशेष रूप से करने की महत्ता बताई।

Image result for mohan bhagwat in patna
संघ प्रमुख मोहन भागवत।


उन्होंने जल संरक्षण, हरियाली बढ़ाने पर जोर एवं सिर्फ एक बार उपयोग में लाए जाने वाले प्लास्टिक के उपयोग को छोड़ने का आह्वान करते हुए कहा, “हम अपने घरों में हरियाली बढ़ाने के बारे में नियमित विचार करें। छोटे-छोटे गमलों में भी पौधें लगायें। आस-पास के पौधों एवं वृक्षों के संवद्र्घन पर भी ध्यान दें।”
प्रांत कार्यकारिणी की बैठक में पांचजन्य एवं ऑर्गेनाइजर के राम मंदिर से संबंधित विशेषांक का लोकार्पण भी किया गया।
क्षेत्र स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर, संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार-झारखंड) के सह क्षेत्र संघचालक देवव्रत पाहन, क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह एवं सह क्षेत्र प्रचारक रामनवमी प्रसाद ने विशेषांक का लोकार्पण किया।