Breaking News बिहार राजनीति

पप्पू यादव ने फतुहा और बेगमपुर में शोकाकुल परिवार से की मुलाकात

पटना. जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फतुहा विधानसभा अंतर्गत जग्गू बिगहा में ललन यादव और उनके परिवार से मुलाक़ात की। कुछ दिनों पहले मनचलों ने ललन यादव की पत्नी नीलम देवी उर्फ आशा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी क्योंकि उन्होंने अपनी बेटी के छेड़छाड़ का विरोध किया था। पप्पू यादव ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपना दु:ख व्यक्त किया तथा परिवार को पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राज दानवीर की तरफ से 25000 रुपए की आर्थिक मदद दी।

मीडियाकर्मियों से बात करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। अपराधियों के बीच कानून का डर नहीं है। अगर कानून व्यवस्था मजबूत नहीं हुई तो प्रदेश की महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी। दिन-दहाड़े बेटियों के साथ छेड़खानी की जा रही है। आज महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उनके खिलाफ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

आगे उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए लड़कियों का सशक्त होना बहुत जरूरी है। सिर्फ स्कूटी चलाने से महिलाएं स्वावलंबी नहीं बनेंगी। पंचायती चुनाव में महिलाओं के लिए 50 फीसदी के आरक्षण का प्रावधान तो कर दिया गया है लेकिन महिलाएं की जगह उनके पति सारे कार्य कर रहे हैं।

इसके बाद जाप अध्यक्ष पटना सिटी के बेगमपुर निवासी विनय कृष्ण के परिजन से मिलने पहुंचे। अपराधियों ने भाजपा कार्यकर्ता विनय कृष्ण की हत्या चाकू घोंपकर कर दी थी। पप्पू यादव ने परिवार के सदस्यों से मुलाक़ात कर उनका ढाढस बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हम सरकार से अभिलंब मांग करते है कि इस घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा मिले।