Breaking News

प्रदेश के 31 जिलों में प्री-मॉनसून बारिश शुरू

बिहार में काल वैशाखी तूफान सहित चार सिस्टम सक्रिय, तेज हवा, मेघ गर्जन के साथ ही मध्य बारिश के आसार

पटना। बिहार के 31 जिलों में प्री मानसून की बारिश हो रही है। जबकि 7 जिलों में बादल छाए हुए हैं। तेज हवाओं की वजह से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति 7 मई तक रहने की संभावना है। उसके बाद 24 से 30 घंटे तक मौसम सामान्य रहेगा। 8 मई की रात से फिर तेज हवाएं चलेंगी। आंधी और बारिश होने से तापमान में तेजी से गिरावट होगी। यह स्थिति काल वैशाखी नामक तूफान और चार सक्रिय सिस्टम की वजह से है। बिहार मं चक्रवाती हवाओं के साथ ही उत्तर दिशा से आने वाली पश्चिम विक्षोभ, दक्षिण-पश्चिम से आने वाली नमी और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाओं से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाएं और मध्य दर्जे की बारिश हो रही है। इसके साथ ही ठनका गिर रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवती हवाओं का दिशाएं लगातार बदल रही है। कभी वे पूर्व-पश्चिम तो कभी पश्चिम से दक्षिण की तरफ शिफ्ट हो रही है। फिलहाल ये सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश से होते हुए बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और मणिपुर तक फैला हुआ है। इसकी वजह से बिहार के उत्तर और पूर्व हिस्से में तेज हवाएं और मध्य दर्जे की बारिश हो रही है। जबकि, दक्षिण हिस्से में स्थित पटना, बेगूसराय, नालंदा सहित सात जिलों में आसमान पर बादल छाए हुए हैं। बारिश, तेज हवाएं की वजह से बिहार के सभी हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस दौरान दोपहर के बाद से आसमान पर बादल छाए हुए थे। और 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम हवाएं बह रही थी। पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ आंधी-तूफान और बारिश होने की संभावना है।