देश-विदेश बिहार

देश में एक दिन में 3,86,595 कोरोना के नए मरीज मिले, बिहार में रिकॉर्ड 13089 संक्रमित, सबसे ज्यादा 2,87,081 ठीक भी हुए

महाराष्ट्र, दिल्ली सहित चार राज्यों में नए मरीजों से ज्यादा ठीक हुए, 3501 लोगों ने गंवाई जान

नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। गुरुवार को एक दिन में कुल 3,86,595 नए मरीज मिले हैं। जबकि 2,87,081 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली। यह अब तक सबसे बड़ा आंकड़ा है। देश में संक्रमितों का अंाकड़ा 1.87 करोड़ और ठीक होने वालों का 1.53 करोड़ हो गया है। वहीं, एक दिन में 3,501 मौतों के साथ अब तक 2,08,313 लोग इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं। दिल्ली में एक दिन में 24,235 नए मरीज मिले जबकि 25,615 लोग ठीक हुए हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में एक दिन में 15,804 नए मरीज आए जबकि 16,489 लोग रिकवर हुए हैं। मध्य प्रदेश में भी 12,762 नए मरीजों के मुकाबले 13,363 लोग ठीक हुए। वहीं, मणिपुर में 314 नए मरीज मिले और इतने ही ठीक भी हुए।

पीपीई किट पहने स्वास्थ्यकर्मी।

इधर गुरुवार को बिहार में 13,089 मरीज मिलने के बाद से संक्रमितों की संख्या साढ़े चार लाख के पार हो गई है। गुरुवार को कुल मरीजों का आंकड़ा 4,54,464 रहा। गुरुवार को प्रदेश के 10,926 लोगों ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को मात दी है। जबकि 89 लोगों को कोरोना ने लील लिया है। बता दें कि राज्य में अब भी 1,00,821 एक्टिव मरीज हैं और 3,51,162 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि अबतक 2480 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है।

गुरुवार को राजधानी पटना में 2197 पॉजिटिव मरीज मिले। जबकि दूसरे स्थान पर गया रहा। जहां के 1129 लोग इस वायरस की चपेट में आए। उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर में 478 संक्रमित मिले, जबकि दरभंगा में 116 मरीज मिले हैं।

इधर कोरोना के बढ़ते कहर के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के साथ ही दिल्ली, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से मामूली राहत की खबर है। इन राज्यों में पिछले एक दिन में नए संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या ज्यादा है। महाराष्ट्र में 66,159 नए मरीज मिले हैं, जबकि 68,537 लोगों ने कोरोना को मात दी है। मौतों का आंकड़ा भी 771 रहा, जो बुधवार से 264 कम है।