अखिल भारतीय अधिवेशन के दूसरे दिन महिलाओं का विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र की मुख्य अतिथि रांची नगर निगम की महापौर आशा लकड़ा थीं...
राजनीति

नारी फूल भी है, चिंगारी भी: आशा लकड़ा

भारतीय मजदूर संघ के 20 वें अखिल भारतीय अधिवेशन में महिलाओं के विशेष सत्र को रांची की मेयर आशा लकड़ा ने किया संबोधित।

पटना, संवाददाता। भारतीय मजदूर संघ के 20 वें अखिल भारतीय अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को महिलाओं का विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र की मुख्य अतिथि रांची नगर निगम की महापौर आशा लकड़ा थीं।

 रांची नगर निगम की महापौर आशा लकड़ा ने कहा है कि महिला जब-जब किसी क्षेत्र में खड़ी होती हैं, तो एक पहचान कायम कर लेती हैं। शिक्षा, विज्ञान, कला, खेल, राजनीति आदि क्षेत्रों में महिलाओं ने अपना डंका बजाया है।

 उन्होंने कहा कि नारी के बिना सृष्टि की कल्पना ही बेमानी है। आज नारी की ताकत का एहसास समाज को हो चुका है। नारी फूल भी होती हैं, तो चिंगारी भी। श्रीमती लकड़ा ने दबे-कुचले महिलाओं को आगे लाने की वकालत की और कहा कि आप ‘नारी’ की चिंता कीजिये, तभी ‘नारी’ वर्चस्व में होंगी। असंगठित क्षेत्र की महिलाओं को संगठन से जोड़िए, कार्यक्रम कीजिये, ताकि महिलाओं को संगठित किया जा सके।

 वीवी गिरि राष्ट्रीय श्रमिक संस्थान की सलाहकार प्रज्ञा परांडे ने बतौर विशिष्ट अतिथि कहा कि यह सच है कि हिंसा के खिलाफ महिलाएं आवाज उठा नहीं पाती हैं, जरूरी है अपनी आवाज को मुखर करने की। इसके लिए यदि आवश्यकता हो, तो हमें कानून का सहारा लेना होगा। कानून हमें संरक्षण प्रदान करता हैं।

इसे भी पढ़ें – बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भाजपा के नव निर्वाचित विधान पार्षदों का किया अभिनंदन

स्वागताध्यक्ष पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू ने कहा कि महिलाओं की इतनी अच्छी भागीदारी देखकर इस बात को बल मिल रहा है कि महिलाएं अब जागरूक हो गयी हैं। इस अवसर पर संघ की रीता एक्का एवं तृप्ति अल्टी ने महिलाओं को कैसे संगठन से जोड़ा जाये, इस पर अपनी राय रखी।

इसे भी पढ़ें – भारतीय मजदूर संघ करता है श्रमिक हित में कार्य : भागैय्या

 समारोह की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ की उपाध्यक्ष नीता चौबे ने की, जबकि संचालन मंत्री नीलिमा चिमोते ने किया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या, महामंत्री रवींद्र हिमते आदि उपस्थित थे।