बिहार सरकार को बिहार विरोधी बता रहे हैं भाजपा नेता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने मंगलवार को मु...
राजनीति

बिहार विरोधी हो गई है बिहार सरकार : डॉ संजय जायसवाल

 एक प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया आरोप , कहा- सीएम समाधान यात्रा में कर रहे पर्यटन, एक गांव का रंग रोगन कर अधिकारी दिखा रहे बिहार का विकास । बिहार सरकार उर्वरकों की कृत्रिम किल्लत पैदा कर रही है।

 पटना, संवाददाता। बिहार सरकार को बिहार विरोधी बता रहे हैं भाजपा नेता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नीतीश की समाधान यात्रा को ‘टाइम पास यात्रा’ बताते हुए कहा कि सीएम अपनी यात्रा के दौरान कई जिलों की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन एक भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

 भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार यात्रा के नाम पर पर्यटन कर रहे हैं। एक गांव को अधिकारी उनके आने के पहले रंगरोगन कर दे रहे हैं और सीएम भी उसी को बिहार का विकास मानकर खुश हो रहे हैं।

 उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि सीएम यात्रा का नाम समाधान यात्रा रखे हैं, लेकिन एक भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजना भी राज्य सरकार के उपेक्षा के कारण ठप पड़ी है। उन्होंने कहा कि सही अर्थों में बिहार सरकार ही बिहार विरोधी हो गई है।

  उन्होंने कहा कि बिहार में आज भी आज की तिथि में उर्वरकों की कोई कमी नही है, बिहार सरकार द्वारा कृत्रिम किल्लत पैदा की जा रही है। बिहार में आज 69 हजार एमटी यूरिया उपलब्ध है जबकि डीएपी 1.09 लाख एमटी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार उर्वरकों की कमी की गलतबयानी कर किसानों को ठग रही है।

 भाजपा नेता ने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के चुनाव के दौरान 10 लाख लोगों को कैबिनेट की पहली बैठक में नौकरी देने के वादे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज सीटीईटी और बीटीईटी के पास अभ्यर्थी उस पेन की खोज कर रहे जो साइन के लिए उप मुख्यमंत्री को उपलब्ध करवा सके। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासनकाल में इनको नौकरी देना तय कर लिया गया था, प्रक्रिया शुरू हो गई थी, लेकिन अब तक इन्हें नौकरी नहीं मिली।

उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक मामले में भी बिहार सरकार को घेरते हुए कहा कि क्या कारण है कि देश में कहीं भी प्रश्नपत्र लीक होने  मामले की जांच होती है तो उसके तार नालंदा से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी इस प्रकार की घटना होती है तो उसमें नालंदा के एक खास व्यक्ति का नाम आता है।

 उन्होंने कहा कि बिहार में भी प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उड़ीसा भी बिहार की तरह ही पिछड़ा राज्य की श्रेणी में आता था, लेकिन आज यहां देश भर के बच्चे पढ़ने आने लगे। उन्होंने कटाक्ष करते हुए नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को चाचा भतीजा की जोड़ी बताते हुए कहा कि ये दोनो बिहार को फिर से लालू प्रसाद के समय वाला बनाना चाहते हैं।

 इस प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री नीरज सिंह बबलू, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू, विधायक मंचन केशरी, प्रदेश प्रवक्ता संतोष पाठक और प्रदेश मीडिया प्रभारी  राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट व राजेश कुमार झा उपस्थित रहे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.