Pappu Yadav
राजनीति

समाज बांटने वाले संगठनों पर प्रतिबंध लगाए बिहार सरकार: Pappu Yadav

Pappu Yadav ने कहा पक्ष और विपक्ष मिलकर बिहार को नरसंहार की आग में झोकना चाहते हैं
मधुबनी कांड के पीड़ित व्यक्ति को 2 लाख नवादा शराब कांड के पीड़ितों को 20-20 हजार रुपये देगी जाप : Pappu Yadav

पटना। मधुबनी गोली कांड के बाद बाहर से आए करणी सेना के लोगों ने समाज में उन्माद फैलाने की कोशिश की। बिहार यह बर्दाश्त नहीं करेगा। हम अपनी समस्याओं को हल करना जानते हैं। जन अधिकार पार्टी सभी दोषियों को कड़ी सजा दीलवाएगी। जिन लोगों ने बिहार में अराजकता फैलाई है उन्हें माफ नहीं किया जा सकता है। समाज को बांटने वाले दलों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। फिर चाहे वो करणी सेना हो, बजरंग दल हो या कोई अन्य संगठन। उक्त बातें जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कही। Pappu Yadav व ने कहा कि बिहार सरकार कमजोर हैं जिसके कारण उपद्रवी संगठन बिहार को अशांत बनाए हुए हैं।

आगे उन्होंने कहा कि प्रवीण झा की जाति नहीं देखनी चाहिए। वो एक अपराधी है और उसे सजा मिलनी चाहिए। यह एक जघन्य घटना है और इसके लिए माफी नहीं मिल सकती। इस घटना की सीबीआई से जांच होनी चाहिए। एक स्पेशल कोर्ट की स्थापना कर स्पीडी ट्रायल हो और तीन महीने के अंदर दोषियों को सजा मिले।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए जाप अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव समेत पूरा विपक्ष मधुबनी गोली कांड को जातिय रंग देने में लगा हुआ है। जाति कार्ड खेलकर वो समाज में उन्माद फैलाना चाहते हैं और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। लेकिन हम उन्हें उनके मकसद में कामयाब नहीं होने देंगे।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि सुशील मोदी 11 दिनों तक कुंभकरण की नींद में सोए हुए थे फिर अचानक नींद से उठकर जाति का खेल खेलने लगे। भाजपा और जद(यू) के नेताओं ने इस घटना की निंदा नहीं की। उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता अधिक है।
Read Also : कोरोना दवा भंडारण के लिए 9 करोड़ जारी, सरकार कोरोना से निबटने के लिए है तैयार: Mangal Pandey

सरकार से आग्रह करते हुए जाप अध्यक्ष ने कहा कि मृतक असिस्टेंट कमांडेंट के किसी परिजन को सरकारी नौकरी मिले और उनकी पांचों बेटियों के नाम पर 50-50 लाख रुपये जमा कराया जाना चाहिए। पारस अस्पताल में भर्ती छठें जख्मी पीड़ित की स्थिति गंभीर है। सरकार जल्द उन्हें एम्स में भर्ती कराएं। जाप ने उनके इलाज के लिए दो लाख रुपये की मदद की जाएगी।

सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में कहीं भी हत्या होती है तो सरकार से पीड़ितों को मदद नहीं मिलती। हर बार पप्पू यादव और जन अधिकार पार्टी पीड़ितों की आर्थिक मदद करती है। नवादा में जहरीली शराब से मरने वाले हर व्यक्ति के परिवार को पार्टी की ओर से 20-20 हजार रुपया दिया जाएगा।

राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की आलोचना करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि यह गरीबों पर हमला है। लोग कोरोना से ज्यादा सरकार की गलत नीतियों और फैसलों के कारण मर रहे हैं। स्कूल और कोचिंग बंद क्यों हैं? बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं लेकिन स्कूल वाले फीस ले रहे हैं।

वैक्सीन के निर्यात पर रोक लगाने की मांग करते हुए जाप अध्यक्ष ने कहा कि जब हमारे देश में ही वैक्सीन की कमी है तो दूसरे देशों में इसका निर्यात क्यों किया जा रहा है? वैक्सीन के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगनी चाहिए और केंद्र सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी राज्यों में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध हो।

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचन्द सिंह व राजेश पप्पू, भाई दिनेश, राजू दानवीर उपस्थित थे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.