सामाजिक न्याय पर पूर्व मंत्री डॉ भीम सिंह द्वारा लिखित पुस्तिका का विमोचन। बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रद...
राजनीति

सामाजिक न्याय के बड़े विरोधी हैं कांग्रेस-राजदः डॉ. संजय जायसवाल

सामाजिक न्याय पर पूर्व मंत्री डॉ भीम सिंह द्वारा लिखित पुस्तिका का विमोचन। पटना,संवाददाता। बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री निखिल आनंद व अन्य वरीय नेताओं की उपस्थिति में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ भीम सिंह द्वारा लिखित पुस्तिका ‘सामाजिक न्याय- भाजपा बनाम कांग्रेस (तथ्यों के आईने में) का विमोचन संपन्न हुआ। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष डॉ जायसवाल ने कहा कि सामाजिक न्याय के सबसे बड़े विरोधी हैं कांग्रेस-राजद।

इस मौके पर डॉ भीम सिंह का आभार प्रकट करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि यह पुस्तक साफ़ शब्दों में भाजपा द्वारा सामजिक न्याय के लिए किये गये कार्यों का विस्तार से वर्णन करती है। वहीं कांग्रेस शुरुआत से ही इन कार्यों का विरोध करती आयी है। उन्होंने कहा कि काका साहेब कालेलकर की रिपोर्ट से लेकर आज समाजिक न्याय के लिए किये जाने वाले कार्यों का विरोध किया है, जिनकी उत्पति कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों के नाम पर हुई है, आज वह पार्टियां भी कांग्रेस की गोद में खेल रही है। जब पिछड़ों के लिए अलग से आयोग बनाने की बात हुई, तो उन्होंने इसका बायकाट किया था.। यह पुस्तक इन सभी सचाइयों को उजागर करती है।

पुस्तिका विमोचन के मौके पर डॉ भीम सिंह ने कहा कि बिहार के कई दल कर्पूरी ठाकुर जी के नाम पर सामाजिक न्याय का बखान करते हैं, लेकिन सामाजिक न्याय को स्थापित करने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह किताब एक डेटा है जो बताता है कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों और भाजपा ने समाजिक न्याय के लिए क्या-क्या किया है। डॉ भीम सिंह ने कहा कि हर क्षेत्र की तरह सामजिक न्याय में भी भाजपा ने हमेशा चौका और छक्का मारा है, वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सभी को छला है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने उपस्थित लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि पुस्तिका जनता की आंखें खोलने वाली साबित होगी। उन्होंने डॉ भीम सिंह की किताब को भाजपा द्वारा पिछड़े-अतिपिछड़े समाज के उत्थान व सशक्तिकरण के लिए किये कार्यों को लेकर भागीरथी प्रयास बताया।

मौके पर प्रदेश प्रवक्ता संतोष पाठक, मीडिया प्रभारी राकेश सिंह, अशोक भट्ट, राजेश झा राजू, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष जयनाथ चौहान, सोशल मीडिया के संयोजक मनन कृष्ण आदि उपस्थित थे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.