भागलपुर में उपेंद्र कुशवाहा: पटना, संवाददाता। विरासत बचाने और बिहार को फिर से अराजकता और अंधेरे में ढकेलने की साजिश के खिलाफ राष्ट्रीय लोक...
राजनीति

भागलपुर में उपेंद्र कुशवाहा बोले बिहार बचाने के लिए सदन छोड़ सड़क पर आपके साथ हूं

भागलपुर में उपेंद्र कुशवाहा: पटना, संवाददाता। विरासत बचाने और बिहार को फिर से अराजकता और अंधेरे में ढकेलने की साजिश के खिलाफ राष्ट्रीय लोक जनता दल की विरासत बचाओ नमन यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं। पार्टी नेता फजल इमाम मल्लिक ने यहां यह जानकारी दी है। दूसरे चरण की यात्रा की शुरुआत उपेंद्र कुशवाहा ने भागलपुर में शहीद तिलकामांझी के स्मारक पर माल्यर्पण से किया। इससे पहले उन्होंने सुलतानगंज में एक जनसभा को संबोधित किया और लोगों से कहा कि वे बिहार को फिर से अंधेरे में ले जाने की साजिश के खिलाफ एकजुट हों।

 मल्लिक के मुताबिक सुलतानगंज से वे नाथनगर, तारापुर, कोतवाली होते हुए भागलपुर पहुंचे और तिलकामांझी के स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके संघर्ष और शहादत को याद करते हुए लोगों से कहा कि बिहार को फिर से अंधेरे और अराजकता से बचाने के लिए उन्होंने संघर्ष का रास्ता चुना। वे सदन में थे, चाहते तो रह सकते थे। अभी चार साल का कार्यकाल बाकी था। लेकिन बिहार को अंधेरे और अराजकता में फिर से ले जाने की जब साजिश की जाने लगी तो उन्होंने सड़क को सदन पर तरजीह दी और बिहार के आम अवाम के सपनों के लिए सड़क पर उतर कर संघर्ष करने का फैसला लिया। श्री कुशवाहा ने लोगों को आगाह किया कि बिहार को फिर से 2005 से पहले वाली स्थिति में ले जाने की साजिश रची जा रही है।, फिर से उन लोगों को ही विरासत सौंपने की तैयारी नीतीश कुमार कर रहे हैं जिन्हें जंगलराज के नाम पर सत्ताच्यूत किया गया था।    

इसे भी पढ़ें-भारत करेगा रेल पहियों का निर्यात , हर साल बनेंगे 80 हजार पहिए, टेंडर जारी

 उन्होंने कहा कि जदयू में रहते हुए हमने उनसे कई बार कहा कि विरासत सौंपना ही है तो पड़ोसी के घर में मत देखें। अपने घर में किसी भी लव-कुश या अतिपिछड़ा समाज के व्यक्ति को विरासत सौंपें ताकि वह कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय और उनके मूल्यों को स्थापित कर बिहार को उस भयानक दौर में ले जाने से बचाए। लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया तो उन्होंने अपनी अलग राह पकड़ ली।

इसे भी पढ़ें- Career: कीट प्लेसमेंट 2023- छात्रों को मिला 62 लाख रुपये का जॉब ऑफर

 मल्लिक ने बताया कि भागलपुर से श्री कुशवाहा यात्रा के क्रम में जिछो होते हुए बांका जिला के अमरपुर पहुंचे और यहां जनसभाओं को संबोधित किया। फिर शंभुगंज और फुलिदुमर होते हुए बेलहर पहुंचे और लोगों से संवाद स्थापित किया। इसके बाद कुशवाहा संग्रामपुर, सरकटिया मोड़, दिघी और लक्ष्मीपुर होते हुए जमुई पहुंचे और सभाओं को संबोधित किया। रात्रि विश्राम जमुई में किया। दूसरे चरण की यात्रा के दूसरे दिन कुशवाहा ने दर्जनों सभाओं को संबोधित कर लोगों से संवाद कर राष्ट्रीय लोक जनता दल के गठन पर विस्तार से चर्चा की।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.