मीना सिंह बोलीं - नीतीश ने बिहार को धोखा दिया, 2025 में जेडीयू खत्म। पटना, संवाददाता। जेडीयू की पूर्व सांसद मीना सिंह और उनके बेटे एनसीसीए...
राजनीति

मीना सिंह बीजेपी में शामिल, विशाल सिंह सहित सैकड़ों ने ली सदस्यता

मीना सिंह बोलीं – नीतीश ने बिहार को धोखा दिया, 2025 में जेडीयू खत्म। पटना, संवाददाता। जेडीयू की पूर्व सांसद मीना सिंह और उनके बेटे एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह ने आज पटना में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। बापू सभागार में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बिहार विधान परिषद में विरोधी दल के नेता सम्राट चौधरी ने संयुक्त रुप से दोनों को बीजेपी की सदस्यता प्रदान की।

 इस मौके पर हजारों-हजार की संख्या में पूरे बिहार से लोग पटना पहुंचे थे। मीना सिंह  के साथ जेडीयू भोजपुर के पूर्व ज़िला अध्यक्ष अशोक शर्मा, शाहपुर के प्रखंड अध्यक्ष उमेश चंद्र पांडेय, बिहियां के प्रखंड अध्यक्ष श्रीराम महतो, संदेश के प्रखंड अध्यक्ष बिपिन विश्वास, उद्वंतनगर के प्रखंड अध्यक्ष मुकुल सिंह, व्यवसायी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पुतुल गुप्ता, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष रेखा पांडेय, महिला की नगर अध्यक्ष अनुपमा चौरसिया, युवा के प्रदेश सचिव राकेश पाठक, वरिष्ठ नेता बिनोद सिंह, अवधेश पांडेय, रंजन सिंह, लव कुमार सिंह, द्वारिका सिंह, डॉ अशोक सिंह सहित हजारो कार्यकर्ताओं ने भी आज बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।

आरा – विक्रमगंज की पूर्व सांसद मीना सिंह ने बीजेपी में शामिल होते ही नीतीश कुमार पर बरसते हुए कहा कि जेडीयू में अब कुछ नहीं बचा है। नीतीश कुमार कहते हैं – पार्टी में लोग रोज आते हैं,जाते हैं, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन मैं उन्हें बता देना चाहती हूं कि आपने जो रवैया अपना रखा है, 2025 में बिहार से जेडीयू का नाम ही मिट जाएगा।

 श्रीमती सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार भी जानते हैं और बीजेपी के लोग भी,। 2014 में राजनाथ सिंह मेरे घर आए थे और बीजेपी से चुनाव लड़ने को कहा था, लेकिन हमने ठुकराया था। नहीं ठुकराती तो आज भी सांसद होती। खैर, अब मेरा जीवन बीजेपी को समर्पित है, देश के असली और अकेले नायक प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ही हैं।

 बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मिलन समारोह में एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह ने कहा कि बिहार को न फिर से बंदूक का राज चाहिए और न घोटाले का राज। अब 2024 में फिर से देश में मोदी सरकार और 2025 में बिहार में बीजेपी सरकार।

 बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने मीना सिंह और विशाल सिंह का बीजेपी में स्वागत करते हुए कहा कि मीना सिंह और विशाल सिंह के आने से संपूर्ण शाहाबाद ही नहीं पूरे बिहार में बीजेपी को फायदा मिलेगा। 

 केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मिलन समारोह में उपस्थित जनसमूह को दिखाते हुए कहा बिहार को सुशासन बीजेपी ही देगी। 2024 में देश और 2025 में बिहार जीतेंगे। बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त और अपराध मुक्त बनाएंगे। बिहार को विकास की राह पर ले जाना बीजेपी का संकल्प है।

 बिहार विधान परिषद में विरोधी दल के नेता  सम्राट चौधरी ने कहा, बिहार की जनता ने नीतीश कुमार की उल्टी गिनती शुरु कर दी है। अब कहां से वे बचेंगे, आएगी तो बीजेपी ही। मिलन समारोह में आए यूपी के सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि बिहार को बीजेपी की जरुरत है, तभी बिहार सुधरेगा। मिलन समारोह को औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.