भारतीय मजदूर संघ का अखिल भारतीय अधिवेशन श्रम जगत को नयी दिशा प्रदान करेगा l इस अधिवेशन में श्रमिकों के हित में कई प्रस्ताव पारित होंगे l ये...
राजनीति

श्रम जगत को नयी दिशा देगा भारतीय मजदूर संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन

* 7-9 अप्रैल तक होगा 20 वां अखिल भारतीय अधिवेशन। *अधिवेशन में श्रमिकों के हित में पारित होंगे प्रस्ताव । 

पटना, संवाददाता। भारतीय मजदूर संघ का अखिल भारतीय अधिवेशन श्रम जगत को नयी दिशा प्रदान करेगा l इस अधिवेशन में श्रमिकों के हित में कई प्रस्ताव पारित होंगे l ये बातें भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री रविन्द्र हिमते ने एक प्रेस वार्ता में कही l

बुधवार को मर्चा-मिरची रोड में अवस्थित केशव सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय महामंत्री श्री हिमते ने कहा कि आगामी सात से नौ अप्रैल तक भारतीय मजदूर संघ का 20 वां त्रैवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। बिहार की धरती पर दूसरी बार अधिवेशन होने जा रहा है, जिसमें देश के सभी प्रांतों तथा अलग-अलग उद्योगों के 40 महासंघों के 2000 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं l अधिवेशन में  संगठित एवं असंगठित क्षेत्र की महिलाओं की भी भागीदारी होगी।

अधिवेशन के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री, संसदीय कार्य, कोयला एवं खान, भारत सरकार होंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर सईद सुल्तान उद्दीन अहमद (मजदूर गतिविधि विशेषज्ञ, ILO DWT, दक्षिण एशिया) और अध्यक्षता  हिरान्मय पांड्या (अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ) करेंगे l  

  इस अधिवेशन में श्रमिकों के हित में चार प्रस्ताव रखे जाएंगे। इन प्रस्तावों पर चर्चा कर उसे पारित किया जाएगा l इसके अतिरिक्त महासंघों के प्रस्ताव भी पारित होंगे l

 श्री हिमते ने बताया कि आगामी आठ अप्रैल को “महिला कार्य और सहभागिता”  विषय पर विशेष सत्र होगा, जिसकी अध्यक्षता नीता चौबे (उपाध्यक्ष), स्वागताध्यक्ष सीता साहू (महापौर ,पटना), मुख्य अतिथि आशा लकड़ा (जनजाति महिला विशेषज्ञ एवं महापौर रांची,झारखंड) और विशेष उपस्थिति प्रज्ञा परांडे (सलाहकार, वीवी गिरी श्रमिक संस्थान) उपस्थित रहेंगीl वहीं 2025 में भारतीय मजदूर संघ के 70 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नौ अप्रैल को विशेष उद्बोधन सत्र होगाl

इसे भी पढ़ें- व्यापार के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए उद्यमियों को मिला बिजनेस एचीवर्स अवॉर्ड

 राष्ट्रीय महामंत्री ने बताया कि आठ अप्रैल 2023 को पटना सिटी के मंगल तालाब स्थित सिटी स्कूल के प्रांगण में खुला अधिवेशन होगा। खुला अधिवेशन के पूर्व शोभा यात्रा निकाली जायेगी। जिसमें अधिवेशन प्रतिनिधियों के साथ ही बिहार प्रांत से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। शोभा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी।

इसे भी पढें- महावीर शिखर सम्मान सह रंगारंग समारोह संपन्न

 प्रेस वार्ता के अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरान्मय पांड्या, प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार लाल, महामंत्री संजय कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे।