भ्रष्टाचारयुक्त भारत बनाने के लिए विपक्ष हो रहे हैं एकजुट। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने आज 9 विपक्षी दलों के संवैध..
राजनीति

विपक्षी दल भ्रष्टाचारयुक्त भारत बनाने के लिए हो रहे एकजुट : विजय सिन्हा

पटना, संवाददाता। भ्रष्टाचारयुक्त भारत बनाने के लिए विपक्ष हो रहे हैं एकजुट। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय सिन्हा ने आज 9 विपक्षी दलों के संवैधानिक संस्थाओं की कार्रवाई रोकने के पत्र पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भ्रष्टाचारमुक्त राष्ट्र बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं, तो विपक्षी दल भ्रष्टाचारयुक्त भारत बनाने के संकल्प के साथ एकजुट हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान प्रकट करता है।

 पटना में गुरुवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्था द्वारा भ्रष्टाचार के मामले में जो कार्रवाई की जा रही है, उसके विरोध में विपक्षी पार्टियों के नौ नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री को संयुक्त पत्र लिखा गया है। इस पत्र में जिन नेताओं के हस्ताक्षर हैं, उनके विरुद्ध प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भ्रष्टाचार के मामले में जांच चल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जब भ्रष्टाचारमुक्त देश बनाने का संकल्प लिया तभी से ये नेता आपस में गठबंधन करने लगे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का विरोध करना और उनका मनोबल तोड़ कर देश में वातावरण बनाना राष्ट्रहित में कतई नहीं है। आज समाज को भ्रष्टाचारमुक्त करना, भाष्टाचारियों को पोल खोलने की जरूरत है।

 श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार के उप मुख्यमंत्री 33 वर्ष की उम्र में 52 संपत्ति के मालिक बन गए, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी 43 भूखंड और 30 फ्लैट की मालकिन हैं, तेज प्रताप यादव 28 भूखंड के मालिक हैं, क्या यह सब सच नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि इन लोगों को अदालत में जवाब देना चाहिए। माहौल खराब करने और इन संस्थाओं को लेकर वातावरण बनाना सही नहीं। भाजपा सरकार के पहले भी ये संस्थाएं थी।

इसे भी पढ़ें- बिहार बीजेपी : नए 45 जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा

 लालू प्रसाद पर भ्रष्टाचार के मामले कांग्रेस के शासनकाल में दर्ज हुए और जेल भी गए, आज राजद उसी कांग्रेस की गोद में बैठी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के इन संस्थाओं के प्रति उनकी विकृत मानसिकता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठकर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान नहीं करना चाहिए। उन्होंने ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने की भी बात कही।

इसे भी पढ़ें – सुशील मोदी ने कहा- रूकेगा नहीं जदयू में विद्रोह

विजय सिन्हा ने कहा कि भाजपा अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर नहीं होने को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कर्तव्य की जिम्मेदारी निभाते हुए राष्ट्रहित को लेकर काम कर रही है, इसके साथ जो भी जुड़ना चाहेंगे, जुड़ेंगे।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.