राजद बैठक - आज राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्षों एवं प्रधान महासचिवों की संयुक्त बैठक राजद के सदस्यता अभियान की समीक्षा तथा उसमें गति लाने...
राजनीति

राजद बैठक -किसी के कहने से नहीं, काम करने से संगठन में मिलेगा पदः तेजस्वी यादव

राजद बैठक – पटना,संवाददाता। आज राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्षों एवं प्रधान महासचिवों की संयुक्त बैठक राजद के सदस्यता अभियान की समीक्षा तथा उसमें गति लाने के मकसद से की गई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह कर रहे थे। यह बैठक पार्टी के प्रदेश कार्यालय के सभागार में हुई। इसका संचालन प्रदेश प्रधान महासचिव सह विधायक आलोक कुमार मेहता ने की।

  अपने अध्यक्षीय संबोधन में जगदानन्द सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने 12 फरवरी, 2022 को सदस्यता अभियान की शुरूआत की थी। इसमें तेजी लाने की आवश्यकता है। इन्होंने लोगों से जुड़ाव के लिए सदस्यता अभियान को माध्यम बनाने की अपील की और कहा कि इससे संवाद भी होगा और नेता के विचार तथा पार्टी की नीति को आमजनों तक पहुंचाने का यह माध्यम भी बनेगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता रसीद को ‘‘संकल्प पत्र’’ मानकर इसको ईमानदारी से चलाने की आवश्यकता है।

इस राजद बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि सदस्यता अभियान में तेजी तथा टारगेट को पूरा करने के लिए हम सभी को आमलोगों तक पहुंचना होगा और उनसे जुड़ना होगा। इन्होंने कहा कि पिछले विधान सभा चुनाव, 2020 में महागठबंधन को एक करोड़ छप्पन लाख वोट आया। ये हमारे जनाधार के मजबूत होने का स्पष्ट प्रमाण है। जबकि हमलोगों का एक करोड़ सदस्य बनाने का ही लक्ष्य है और लोग हमसे जुड़ना भी चाहते हैं। हम उसे जोड़ने के लिए गंभीर प्रयास करें क्योंकि सदस्यता अभियान पार्टी की नीति और विचारों को आम जनों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त करता है।

इन्होंने डेटा प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रत्येक विधान सभा में 41 हजार 109 सदस्य होगा। प्रत्येक पंचायत में 1181 सदस्य होंगे जबकि पार्टी की ओर से संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचा दिया गया है, तो हमें इस लक्ष्य को पूरा करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। सिर्फ लोगों तक पहुंचने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी जिलाध्यक्ष, प्रधान महासचिव, जिला के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, पंचायत के पदाधिकारी सदस्यता अभियान को गति प्रदान करें और इसे हर स्तर पर अभियान के रूप में चलायें।

 तेजस्वी ने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए हमें कार्य संस्कृति को भी बदलने की आवश्यकता है। क्योंकि सत्ता और सरकार में आने के लिए हमें संगठन और सदस्यता को प्रत्येक लोगों तक पहुंचाना होगा। ए टू जेड में पार्टी का जनाधार बढ़ा है, उस पर और काम करने की आवश्यकता है। अपनी कमियों को सुधारकर जमीनी सतह पर पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है और संगठन की मजबूती के लिए हर स्तर पर काम करने की आवश्यकता है।

Read also- 3 मई को भगवान परशुराम जन्मोत्सव, शोभायात्रा की तैयारी    

 तेजस्वी प्रसाद यादव ने आगे कहा कि संगठन किसी के कहने पर नहीं बनता है, इस पर सभी को समझ बनानी होगी। पार्टी में एक मात्र नेता लालू प्रसाद जी हैं। जो काम करेंगे, उन्हें हर स्तर पर सम्मान दिया जायेगा। काम करने की रूचि और गंभीरता एक-एक कार्यकर्ताओं में दिखनी चाहिए।

Get Corona update here

 इस अवसर पर राजद के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, प्रदेश उपाध्यक्ष वृषिण पटेल, प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, संगठन महासचिव राजेश यादव, विभिन्न जिला के अध्यक्षों रामनाथ मंडल, विजय कुमार महतो, मोहित यादव, देवमुनी सिंह यादव, अलख निरंजन पासवान, राजेन्द्र सिंह, बैजनाथ सिंह चन्द्रवंशी, रमेश गुप्ता, चन्द्रशेखर प्रसाद, अर्जुन प्रसाद ठाकुर, बीरबल यादव, जगजीवन राम, शेषनाथ सिंह, सरयुग प्रसाद यादव, जयकान्त यादव, जीतेन्द्र कुमार यादव, सुरेश प्रसाद यादव, उमेश राय सहित अन्य जिला के अध्यक्ष ने भी अपने विचार रखें।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.