Samadhan Yatra में समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों को दिया दिशा-निर्देश। मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने 'समाधान यात्रा' के क्रम मे...
राजनीति

 Samadhan Yatra मुख्यमंत्री ने दरभंगा में विकास योजनाओं का किया निरीक्षण

Samadhan Yatra में समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों को दिया दिशा-निर्देश। पटना.संवाददाता।  मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने ‘समाधान यात्रा’ के क्रम में दरभंगा जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मनीगाछी प्रखंड अंतर्गत ब्रह्मपुरा- भटपुरा पंचायत के वार्ड संख्या-2 के दलित बस्ती का भ्रमण कर विकास योजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने ग्रामीण स्ट्रीट सोलर लाइट, पोखर में हो रही मखाना की खेती, आंगनबाड़ी केंद्र भटपुरा, साईंबाबा जीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा दी गयी आर्थिक मदद से खोली गई किराना दूकान, हर घर नल जल योजना आदि सहित अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया।

 स्टार्ट अप के रूप में एमबीए मखानावाला द्वारा किये जा रहे मखाना प्रोसेसिंग एवं मखाना से बने लड्डू, बर्फी, 9 फ्लेवरयुक्त सुपर फूड की मार्केटिंग आदि के संबंध में फूड टेक्नोलॉजिस्ट इंदुशेखर सिंह ने मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने मखाना विकास योजना के लाभार्थी को किट प्रदान किया। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, मुस्लिम परित्यक्ता, तलाकशुदा महिला सहायता योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना आदि के संबंध में मुख्यमंत्री ने लोगों से जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभुकों के बीच मुख्यमंत्री ने सांकेतिक चेक वितरित किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री श्रमशक्ति योजना अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं को सर्टिफिकेट तथा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन एम्बुलेंस योजना की चाभी लाभुकों को प्रदान किया।

  ब्रह्मपुरा-भटपुरा के वार्ड संख्या-2 में शिलापट्ट का अनावरण कर मुख्यमंत्री ने सामुदायिक बैठका का उद्घाटन कर उसका निरीक्षण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका समूह की दीदियों, ग्रामीणों एवं बिहार महादलित विकास मिशन के तहत संचालित उमा किशोरी समूह की बालिकाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी एवं उसके समाधान हेतु जिलाधिकारी को निर्देश दिया।

 Samadhan Yatra के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि हर हिंदुस्तानी की थाली में एक बिहारी व्यंजन जरुर हो। यहां का प्रोडक्ट बाहर भी जा रहा है। मखाना का उत्पादन तो इसी इलाके में होता है, जिस प्रकार मखाना के लिए यहां जो काम किए जा रहे उसको मैंने देखा, बेहतर काम हो रहा है। वर्ष 2006-07 में भी हमने घूम घूमकर देखा था। श्रद्धेय अटल जी की सरकार में मैं कृषि मंत्री था, उस समय हम इन कामों को देखते थे। दरभंगा में भी उस दौरान हम आए थे। हम चाहते हैं कि मखाना का और विकास हो। मखाना बहुत पौष्टिक आहार है। देश और देश के बाहर के लोग मखाना खाएंगे तो तारीफ करेंगे, कहेंगे कि बिहार का कितना बढ़िया प्रोडक्ट है। कृषि के विकास के लिए कृषि रोडमैप बनाकर हमलोग अभियान चला रहे हैं। हम जब समीक्षा बैठक करते हैं तो सारी बातों को रखते हैं। हमारा मकसद है कि इसका उत्पादन बढ़े, जिससे लोगों के आमदनी का जरिया बढ़े। इसको बढ़ावा देने से इसका उत्पादन काफी बढ़ा है। इसका लोगों को लाभ मिल रहा है। हमने मखाना के सारे प्रॉशेस को देखा है।

इसे भी पढ़ें –समाधान यात्रा सारण में, मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के साथ किया संवाद

  इसके बाद मुख्यमंत्री ने कादिराबाद, दरभंगा में जल-जीवन-हरियाली योजना अंतर्गत स्थापित 1.6 मेगावाट क्षमता वाले फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव संजीव हंस ने मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलर प्लेट के बीच थोड़ा गैप रखें और जल के सतह से सोलर प्लेट को और अधिक ऊंचा रखने का प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा असली और अक्षय ऊर्जा है, इसको अधिक से अधिक बढ़ावा दें।

इसके पश्चात् Samadhan Yatra में मुख्यमंत्री ने हायाघाट प्रखंड अंतर्गत मझौलिया पंचायत के ग्राम होरलपट्टी में विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र, होरलपट्टी, जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत सौन्दर्यीकृत गंगा सागर सरोवर, जीविका समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय होरलपट्टी सहित अन्य विकास योजनाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के बारे में भी लोगों से मुख्यमंत्री ने जानकारी ली। सतत् जीविकोपार्जन योजना अंतर्गत आदर्श जीविका ग्राम संगठन होरलपट्टी के 201 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने सांकेतिक चेक प्रदान किया ।

भ्रमण के दौरान जगह-जगह स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, पाग एवं फूलों की माला भेंटकर उनका स्वागत किया। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से संबंधित रंगोली बनाकर मुख्यमंत्री के प्रति ‘समाधान यात्रा’ हेतु आभार प्रकट किया।

Xpose Now Desk
मुकेश महान-Msc botany, Diploma in Dramatics with Gold Medal,1987 से पत्रकारिता। DD-2 , हमार टीवी,साधना न्यूज बिहार-झारखंड के लिए प्रोग्राम डाइरेक्टर,ETV बिहार के कार्यक्रम सुनो पाटलिपुत्र कैसे बदले बिहार के लिए स्क्रिपट हेड,देशलाइव चैनल के लिए प्रोगामिंग हेड, सहित कई पत्र-पत्रिकाओं और चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य का अनुभव। कई डॉक्यूमेंट्री के निर्माण, निर्देशन और लेखन का अनुभव। विविध विषयों पर सैकड़ों लेख /आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में कई सम्मान से सम्मानित। संपर्क-9097342912.